
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड । ठेला गाड़ी खड़ी करने और आए दिन की गाली गलौज को लेकर रविवार सोमवार रात रिश्तेदारों ने चाकू से हमला कर युवक की हत्या कर दी थी। रात भर की तलाश के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने हत्या करने वाले दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश भूरिया ने बताया कि रात 12 बजेआर्य समाज मार्ग योगेश्वर टेकरी पर रहने वाले आकाश पिता बंसीलाल मालवीय 22 वर्ष को पड़ोस में ही रहने वाले चचेरे भाइयों बंटी पिता सुरेश मालवीय और सनी मालवीय ने घर के बाहर ठेला खड़ा करने और गाली गलौज करने की बात पर चाकू मार दिए। लहूलुहान आकाश को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर तत्काल ऑपरेशन थिएटर उपचार के लिए लेकर पहुंचे लेकिन आकाश की मौत हो गई। परिजनों ने हंगामा करते हुए ऑपरेशन थिएटर में तोड़फोड़ कर दी। आकाश को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया परिजनों ने वहां भी जमकर हंगामा किया। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। निजी अस्पताल से शव जिला अस्पताल लाया गया और पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया। मृतक का सोमवार सुबह सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के भाई भारत मालवीय ने बताया कि चाकू मारने वाले रिश्तेदार हैं, जिनसे पिछले 5 सालों से विवाद चला रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के अनुसार चाकू मारने वालों की तलाश में कुछ स्थानों पर दबिश दी गई थी। रात भर की तलाश के बाद सुबह दोनों को हिरासत में ले लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है दोनों न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।