
उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन में गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोहपूर्वक आयोजन विश्वविद्यालय के मुक्ताकाशी मंच में किया गया। गणतंत्र दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कार्यपरिषद सदस्य एवं लोकतंत्र सेनानी रूप पमनानी उपस्थित रहें। इस दौरान विश्वविद्यालय की अध्ययनशालाओं के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थियों भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रहें।
समारोह की शुरुआत में सर्वप्रथम शलाका दीर्घा में सम्राट विक्रमादित्य एवं नवरत्नों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सम्राट विक्रमादित्य की प्रतिमा पर कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा पुष्पार्पण किया गया। इसके बाद परेड स्थल पर कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज द्वारा ध्वजारोहण किया गया।राष्ट्रगान के पश्चात् एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित सलामी दी। परेड कमांडर द्वारा अनुमति लेकर परेड निरीक्षण कराया गया, जिसमें एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकरूपता और आत्मविश्वास के साथ मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
ध्वजारोहण के बाद कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान के प्रति हमारी निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और विश्वविद्यालय का दायित्व है कि वह विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार करें। उन्होंने शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही गणतंत्र परेड 2025, नई दिल्ली में सहभागिता करने वाले एनसीसी कैडेट्स का विशेष सम्मान किया गया। इस सम्मान से विद्यार्थियों में उत्साह और गर्व का भाव दिखाई दिया। एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा संयुक्त रूप से सलामी परेड भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय पर्व विश्वविद्यालय परिवार को एकजुट करते हैं और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सेवा एवं अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, कैडेट्स एवं स्वयंसेवकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड का संचालन एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। परेड के संचालन का दायित्व निर्वहन करने वाले परेड कमांडर – एस.यू.ओ. ध्रूव केकरे, द्वितीय कमान अधिकारी (सेकंड आई सी) – सी.पी.एल. श्याम बोबड़े, प्रथम प्लाटून कमांडर – यूओ गुरप्रीत कौर, द्वितीय प्लाटून कमांडर – यूओ रितेश सिंह, तृतीय प्लाटून कमांडर – सी.पी.एल प्रकृति नायमा,एनएसएस प्लाटून कमांडर – यावर अली ने सलामी दी, साथ ही अधिकारियों एवं कैडेट्स ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समन्वय किया, जिससे परेड सुव्यवस्थित संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विश्वजीत सिंह परमार ने किया।