
बॉलीवुड में लंबे समय तक राज करने के बाद प्रियंका चोपड़ा अब हॉलीवुड की भी सफल एक्ट्रेस बन चुकी हैं। प्रियंका लगातार हॉलीवुड फिल्मों में नजर आ रही हैं। इन दिनों प्रियंका अपनी फिल्म द ब्लफ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म 25 फरवरी को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हॉलीवुड की इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा जबरदस्त एक्शन करती दिखेंगी। लेकिन फिल्म के कई एक्शन सीन्स उन्होंने खुद नहीं किए।
प्रियंका चोपड़ा ने खुलासा किया कि द ब्लफ के कई एक्शन सीन्स के लिए उन्होंने स्टंट डबल का इस्तेमाल किया। यानी फिल्म के कुछ खतरनाक एक्शन उनके बजाय स्टंट टीम ने किए हैं। हाल ही में प्रियंका ने वैरायटी से बातचीत की, जहां उन्होंने द ब्लफ के एक्शन सीन्स को लेकर कई बातें शेयर कीं। प्रियंका ने कहा कि कुछ शॉट्स ऐसे थे जिनके लिए उन्हें अपने स्टंट डबल पर निर्भर रहना पड़ा। स्टंट डबल को तीन–चार बेहद खतरनाक सीन करने पड़े, जिनमें चेहरे पर कांच लगने वाले शॉट्स भी शामिल थे।
बातचीत में आगे प्रियंका ने स्टंट डबल का इस्तेमाल करने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि यह फैसला सिर्फ उनका नहीं था। प्रोडक्शन टीम को भी उनकी सुरक्षा की चिंता थी। इसलिए टीम ने उन्हें खतरनाक स्टंट करने की अनुमति नहीं दी। प्रियंका ने कहा—“देखिए, मैं हीरो नहीं हूं। मैं काम करने के लिए सेट पर जाती हूं। मैं नहीं चाहती कि किसी को चोट लगे या मुझे खुद को चोट पहुंचे।”