top of page

फ्रैंडशिप डे - दोस्ती के अटूट बंधन एवं इससे जुड़ी अनमोल यादों का जश्न

हमारे जीवन में दोस्तों की भूमिका बहुत मायने रखती है और दोस्ती का रिश्ता सालों तक चलता है, फिर चाहे उम्र कोई भी हो। इस फ्रैंडशिप डे पर एण्डटीवी के कलाकार अपनी दिलदार दोस्ती का जश्न मनाने के लिये साथ आए हैं। इन कलाकारों में शामिल हैं गीतांजलि मिश्रा (राजेश, ‘हप्पू की उलटन पलटन’), नेहा जोशी (यशोदा, ‘दूसरी माँ’) और विदिशा श्रीवास्तव(अनीता भाबी, ‘भाबीजी घर पर हैं’)। ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की नई राजेश, यानि गीतांजलि मिश्रा ने बताया, ‘‘फ्रैंडशिप डे पर मैं अपने सबसे अच्छे दोस्त विनीत चतुर्वेदी का आभार व्यक्त करती हूँ। वह न सिर्फ मेरे बेस्ट फ्रैंड हैं, बल्कि मेरे मैनेजर भी हैं और मैं भरोसे के साथ कह सकती हूँ कि वही एकमात्र व्यक्ति हैं, जो मुझे बिना संकोच के कुछ भी करने के लिये प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने लगातार मुझे सहयोग दिया है, मेरे सबसे मुश्किल दिनों में उजाला किया है और मेरे खुशनुमा पलों को और ज्यादा खुशियों से भर दिया है। गुजरते वक्त के साथ हमारी दोस्ती और मजबूत हुई है और वो मुझे जो सम्मान देते हैं और मुझे समझते हैं, वह मुझे बहुत अच्छा लगता है, वह दूसरे मैनेजरों की तरह चालाकी नहीं करते हैं। उनकी जिंदादिली से भरी

मौजूदगी से मुझे कभी बोरियत नहीं होती है और वही मुश्किल वक्त में मेरे साथ खड़े रहते हैं और दोबारा खड़ा होने में मेरी मदद करते हैं। विनीत के साथ मेरा हर दिन एक ‘फ्रैंडशिप डे’ होता है।’’



नेहा जोशी ऊर्फ ‘दूसरी मां‘ की यशोदा ने कहा, ‘‘2006 में, जब मैं मुंबई आई, तो किस्मत ने मुझे प्यारी-सी अभिनेत्री सरवरी लोहोकरे से मिलवाया। मुंबई में घर ढूंढने के सिलसिले में हमारी मुलाकात हुई और हम फ्लैटमेट्स बन गये। धीरे-धीरे हमारी दोस्ती गहरी होती चली गई और उसके साथ बिताये दिन मेरी जिंदगी के सबसे प्यारे और यादगार लम्हे बन गये। हम तीन सालों तक एक साथ रहे और हमने अपने संघर्षों, खुशियों और सीक्रेट्स को साझा किया। हमारे बीच लड़ाईयां भी होती थीं और हम एक-दूसरे से बातचीत करना तक बंद कर देते थे, लेकिन इसके बावजूद हमने हमेशा ही अपने बीच के मतभेदों को सुलझाया। हम आज भी पहले की ही तरह मिलते हैं और हमारे पास चर्चा करने के लिये ढेरों टॉपिक्स होते हैं। मैं वाकई में भगवान की तहेदिल से शुक्रगुजार हूँ कि उन्होंने मुझे उससे मिलवाया। मेरी प्यारी सी दोस्त और सभी लोगों को फ्रेंडशिप डे

की ढेरों शुभकामनायें। इस खास दिन हम अपनी दोस्ती का जश्न मनाते हैं और उम्मीद है कि हम मिलकर ऐसी खूबसूरत यादें संजोते रहेंगे। हैप्पी फ्रेंडशिप डे!‘‘ विदिशा श्रीवास्तव ऊर्फ ‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अनीता भाबी ने कहा, ‘‘जिन्दगी में हम कई लोगों से मिलते हैं। लेकिन कुछ का प्रभाव लंबे समय तक रहता है और मेरी प्यारी दोस्त शिल्पी ऐसे ही खास लोगों में से एक है। मेरे शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल के बावजूद वह कई उतार-चढ़ाव में मेरे साथ रही है और मुझे हमारा यह करीबी रिश्ता पसंद है। मैं अक्सर उससे बात नहीं कर पाती हूँ, लेकिन वह मुझे समझती है और जरूरत होने पर हमेशा खड़ी रहती है। मैं दोस्तों की तादाद से ज्यादा दोस्ती की गुणवत्ता को महत्व देती हूँ और शिल्पी मेरे जैसी सोच रखने वाली और भरोसेमंद दोस्त है। हमारी कई खूबसूरत यादें हैं, जैसे कि स्कूल जाने के लिये शॉर्टकट लेना, सीमाओं को लांघना, एक-दूसरे को अपने सीक्रेट क्रश बताना और शिक्षकों की तरफदारी पाने के लिये मजेदार मुकाबले करना। शिल्पी के साथ मैंने दोस्ती के सच्चे सार को समझा है, मतलब एक-दूसरे को प्रति ईमानदार रहना और यही सबसे ज्यादा मायने रखता है।’’




 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page