
अपनी कॉमेडी से करोड़ों लोगों को हंसाने वाले बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। 5 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में फंसे अभिनेता ने 5 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था। हालांकि, इस संकट की घड़ी में पूरी फिल्म इंडस्ट्री उनके समर्थन में खड़ी नजर आ रही है। सरेंडर करने से पहले उन्होंने कोर्ट में एक इमोशनल बयान दिया। राजपाल यादव ने कहा, 'सर, मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं, मुझे कोई सॉल्यूशन नहीं दिख रहा है। हम सब यहां अकेले हैं, मुझे इस प्रॉब्लम से खुद ही निपटना होगा।' राजपाल यादव का बयान वायरल होने के बाद सोनू सूद उनकी मदद के लिए आगे आए। अब सलमान खान से लेकर अजय देवगन और वरुण धवन तक बॉलीवुड स्टार्स यह साबित कर रहे हैं कि फिल्म इंडस्ट्री उनके साथ खड़ी है।
राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने बताया कि राजपाल यादव को जल्द ही बेल मिल जाएगी। मैनेजर ने कहा, "उनकी बेल पर सुनवाई 12 फरवरी होगी। हम बस उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें कल बेल मिल जाए। हमने पहले ही बेल एप्लीकेशन फाइल कर दी है। हम कल की सुनवाई के बाद ही और डिटेल्स शेयर कर पाएंगे।"
सूत्रों ने कन्फर्म किया है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपने पुराने दोस्त राजपाल यादव को इस मुश्किल समय में चुपके से सपोर्ट कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी बिना बताए मदद कर रहे हैं, जो कि वह पहले भी करते आ रहे हैं। जानकारी से पता चला है कि नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी ने पहले भी अपने पुराने दोस्त राजपाल यादव को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद की थी।