top of page

मुंबई में इंडिया का महामंथन; सीट शेयरिंग पर हुई बात

1 Sept 2023

कहा, देश-संविधान बचाने के लिए आएं हैं साथ

मुंबई| मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में विपक्षी गठबंधन इंडिया की तीसरी बैठक हुई। बता दें कि दो दिन की बैठक शुक्रवार को भी जारी रहेगी। विपक्षी दलों के नेताओं की ओर से पहली मीटिंग में तय किया गया कि सीट शेयरिंग को जल्द से जल्द सुलझाया जाए। इस बैठक में 28 दलों के 63 नेता शामिल हुए। बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर देश को बर्बाद करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन देश के पुनर्निर्माण के लिए है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि यह गठबंधन केवल चुनाव लडऩे के लिए नहीं है, यह गठबंधन भारत की आत्मा को बचाने के लिए है। नेताओं ने कहा कि वे देश और संविधान को बचाने साथ आए हैं। भाजपा से निपटने के लिए एक साझा प्रोग्राम तैयार किया जाएगा। बैठक दौरान राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि देश की एकता और संप्रभुता को मजबूत रखने की जरूरत है। देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाना होगा। मोदी सरकार गरीबी, बेरोजगारी और किसानों के कल्याण के मुद्दे पर फेल रही है। हम साझा प्रोग्राम तैयार कर रहे हैं।


  • विपक्षी नेताओं ने भाजपा पर लगाया देश बर्बाद करने का आरोप

  • लालू प्रसाद यादव ने बोला हमला, गरीबी-बेरोजगारी

    पर मोदी सरकार फेल

  • तेजस्वी यादव ने कहा, अगर हम उम्मीदें पूरी न कर पाए तो माफ नहीं करेगी जनता


वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पिछले साल लालू यादव और नीतीश कुमार ने एकसमान सोच वाली विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने का काम किया था। अब एक साल बाद विपक्ष के इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक हो रही है। अगर हम उम्मीदें पूरी नहीं कर पाए तो लोग माफ नहीं करेंगे। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पे कहा कि जवाहर लाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह ने देश और युवाओं को दिशा दी। जेएनयू, आईआईएम और इसरो जैसे संस्थान बनाए। आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा को इंडिया गठबंधन से डर है। वे इंडिया शब्द से नफरत कर रहे हैं और इसे आतंकी संगठनों से जोड़ रहे हैं। उन्हें इस बात को लेकर भी डर है कि कहीं गठबंधन सफल ना हो जाए। शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि गठबंधन के नेता संविधान और लोकतंत्र बचाने साथ आए हैं। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि इंडिया गठबंधन को जैसा रिस्पॉन्स मिल रहा है, उससे पीएम मोदी और भाजपा सकते में आ गए हैं। एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि इंडिया गठबंधन को उन चुनौतियां का सामना करना पड़ेगा, जो मोदी सरकार की नीतियों के कारण पैदा हुई हैं। इन्हीं के चलते देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। भाजपा को गठबंधन के नाम से दिक्कत है, इसका मतलब है कि हम अच्छा कर रहे हैं।


मजबूती नहीं, मजबूरी का है गठबंधन


मुंबई में गुरुवार को विपक्षी दलों द्वारा मिलकर अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए इंडिया गठबंधन की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत हो गई। इसी बीच, बीजेपी ने दिल्ली से तंज की मिसाइल छोड़ी है। वहीं विपक्ष ने पलटवार कर केंद्र सरकार पर सवाल दागे। बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्षी गठजोड़ पर बड़ा हमला बोलते हुए विपक्ष के मंथन को परिवारवाद और भ्रष्टाचार से जोड़ा। उन्होंने कहा कि ये मजबूती नहीं, मजबूरी का गठबंधन है। यह सभी नेता पीएम की कुर्सी को डांसिग चेयर बनाना चाहते हैं। यह गठबंधन स्वार्थियों से भरा हुआ है। संबित पात्रा ने कहा कि आप सभी मुंबई में हो रही घमंडी मीटिंग को जानते हैं। इन सभी पार्टियों ने मिलकर 20 लाख करोड़ के घोटाले किए हैं। इनका करप्शन विविध है। जल, थल, नभ, आकाश, मदिरा.. किसी को इन्होंने छोड़ा नहीं है। इन सभी दलों का मकसद कॉमन मैक्सिमम परिवाराद है।


इंडिया गठबंधन ने उड़ाई पीएम मोदी की नींद


लोकसभा से निलंबन रद्द होने के बाद कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार को कहा कि उनकी कोई गलती नहीं है और शायद उन्हें गलत समझा गया है। उन्होंने कहा कि अगर यह साबित हो जाए कि उन्होंने कुछ भी असंसदीय कहा है, तो वह सार्वजनिक जीवन छोडऩे के लिए तैयार हैं। मुंबई में शुरू होने वाली विपक्ष की बैठक से पहले कांग्रेस नेता ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने पीएम नरेंद्र मोदी की नींद उड़ा दी है और उन्होंने बीजेपी नेता संबित पात्रा को पीएम के लिए नींद की गोलियों का इंतजाम करने की सलाह दी। इंडिया गठबंधन मोदी के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है।अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मैंने नियमों के तहत सदन में अपनी बात रखी। अगर मुझसे सदन में स्पष्टीकरण मांगा जाता तो मैं देता। जिस तरह से कांग्रेस के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। सदन में रिकॉर्ड पर है। इस बारे में कौन सोचेगा?


इंडिया गठबंधन से जुड़ी अन्य ख़बरें -



 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page