
पाकिस्तान के नसरुल्ला के प्यार में राजस्थान के भिवाड़ी से पेशावर पहुँची अंजू ने इसे प्रेम प्रसंग से हटकर दोस्ती का मामला बता दिया है| उसने इस बात से इंकार किया है कि वह पाकिस्तान नसरुल्ला से सगाई करने आई है| अंजू और नसरुल्ला ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि वे सिर्फ दोस्त हैं और उनका शादी करने का कोई इरादा नहीं है|

नसरुल्ला द्वारा पाकिस्तान पुलिस को दिये एफिडेविट के अनुसार अंजू 20 अगस्त को भारत लौट जाएगी| अंजू अभी नसरुल्ला के साथ पाकिस्तान के अपार डीर जिले में है|

नसरुल्ला ने फ़ोन पर एक न्यूज़ एजेंसी को दिये अपने साक्षात्कार बताया कि अंजू 20 अगस्त तक पाकिस्तान यात्रा पर हैं और उनकी शादी की कोई योजना नहीं है| नसरुल्ला ने बताया कि अंजू उनके परिवार की अन्य महिला सदस्यों के साथ उनके घर के एक अलग कमरे में रह रही है|
अंजू राजस्थान के भिवाड़ी से दिल्ली के रास्ते अमृतसर होते हुए बाघा बॉर्डर से पाकिस्तान गई हैं| अंजू के पति अरविन्द को उनके पाकिस्तान जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी| अरविंद को अंजू जयपुर का बता कर गई थीं| अरविंद को उनके पाकिस्तान में होने की जानकारी रविवार को मिली|