
पोर्ट ब्लेयर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से वीर सावरकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नये टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस टर्मिनल के बन जाने से अंडमान और निकोबार द्वीप की यात्रा सुगम हो जाएगी और विशेष रूप से इस क्षेत्र में पर्यटन को काफी बढावा मिलेगा।
इस मौक़े पर नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पोर्ट ब्लेयर पहुँचे। उन्होंने बताया कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 710 करोड़ रुपये का हवाई अड्डा टर्मिनल भारत को समर्पित किया जा रहा है। इससे दिल्ली-चेन्नई-विशाखापट्टनम के लिए कनेक्टिविटी मिलेगी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में बताया कि नए टर्मिनल के बनने से मौजूदा हवाई अड्डा की क्षमता 4000 यात्रियों से बढ़कर 11000 हो गई है। अब हवाई अड्डे पर एक साथ 10 विमान खड़े हो सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि पोर्ट ब्लेयर में वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की नई एकीकृत टर्मिनल बिल्डिंग से यात्रा और व्यापार करने में आसानी के साथ-साथ कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
———
जाने पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट के बारे में
———
नया टर्मिनल भवन करीब 40,800 वर्ग मीटर में फैला हुआ है। यह टर्मिनल भवन हर साल करीब 50 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। नया टर्मिनल शुरू होने के बाद हवाई अड्डे की क्षमता प्रतिदिन 11,000 पर्यटकों को संभालने की होगी। पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट पर 80 करोड़ रुपये की लागत से दो बोइंग-767-400 और दो एयरबस-321 प्रकार के विमानों के लिए उपयुक्त एक एप्रन भी तैयार किया गया है। इससे एयरपोर्ट पर एक साथ 10 विमानों को पार्क किया जा सकेगा।