
30 Aug 2023
गठबंधन की बैठक में हो सकता है मल्लिकार्जुन के नाम का ऐलान
नई दिल्ली| कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को विपक्षी गठबंधन इंडिया का संयोजक बनाया जा सकता है। गठबंधन के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ‘इंडिया’ गठबंधन के संयोजक के रूप में मल्लिकार्जुन खडग़े के नाम का ऐलान मुंबई में होने वाली बैठक में हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में शामिल पार्टियां लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर रणनीतियों पर जोर दे रही हैं। मल्लिकार्जुन खडग़े के रूप में गठबंधन के संयोजक पद के लिए उनके पास दलित चेहरे के तौर पर एक वरिष्ठ नेता हैं, जो इसका नेतृत्व कर सकता है। इसके अलावा, उनके (खडग़े) लंबे राजनीतिक अनुभव को भी तरजीह दी जा सकती है।
नीतीश कुमार के नाम की भी चर्चा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी संयोजक बनाए जाने की अटकलें हैं। हालांकि, नीतीश कुमार कई दफा इनकार कर चुके हैं कि वह कुछ भी नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि हम कुछ नहीं चाहते हैं, हम सिर्फ लोगों को एकजुट करना चाहते हैं। मंगलवार को सीएम नीतीश ने एक बार फिर कहा कि हम मुंबई जा रहे हैं और मेरे पास देश की अधिकतम विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने का काम है। व्यक्तिगत तौर पर मुझे किसी भी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। मैंने कल भी यही कहा था और आज भी यही दोहरा रहा हूं। इसी के साथ बिहार के सीएम ने दावा किया कि देश में लोकसभा चुनाव कभी भी हो सकता है।
मुंबई में इंडिया-एनडीए की मीटिंग एक ही दिन
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया की तीसरी बैठक 31 अगस्त और पहली सितंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होने वाली है। इस बीच एनडीए की महाराष्ट्र यूनिट ने भी इसी दिन यानी पहली सितंबर को मीटिंग करने की घोषणा की है। हालांकि इसमें महाराष्ट्र सरकार में शामिल एकनाथ शिंदे गुट शिवसेना, भाजपा और अजित पवार का एनसीपी गुट ही शामिल होगा।