
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) भारत के आर्थिक विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विकास के इंजन तथा सामाजिक-आर्थिक प्रगति के प्रमुख प्रेरक के रूप में कार्य करते हैं। ये उद्यम विशेष रूप से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में रोजगार सृजन में अहम योगदान देते हैं, जिससे बेरोजगारी और गरीबी में कमी लाने में सहायता मिलती है। 7.47 करोड़ से अधिक उद्यमों और 32.82 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करने के साथ, यह क्षेत्र कृषि के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता है। केंद्रीय बजट 2026–27 में उल्लेख किया गया है कि एमएसएमई का भारत के विनिर्माण में 35.4% निर्यात में 48.58% तथा जीडीपी में 31.1% योगदान है।
गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के प्रति स्पष्ट प्रतिबद्धता के साथ, बजट तीन प्रमुख कर्तव्यों को रेखांकित करता है: पहला, आर्थिक विकास को तीव्रता प्रदान करना और उसकी निरंतरता बनाए रखना; दूसरा, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति करना; और तीसरा, प्रत्येक परिवार, समुदाय, क्षेत्र और सेक्टर तक संसाधनों, सुविधाओं तथा राष्ट्र के विकास में सार्थक भागीदारी के अवसरों तक समान पहुँच सुनिश्चित करते हुए क्षमताओं का निर्माण करना।
इक्विटी सहायता
इक्विटी सहायता उपायों के तहत, 10,000 करोड़ रुपये का एक समर्पित एसएमई ग्रोथ फंड घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य निर्धारित पात्रता मानदंडों के आधार पर उद्यमों को प्रोत्साहित कर भविष्य के चैंपियनों को तैयार करना है। इसके अतिरिक्त, सूक्ष्म उद्यमों के लिए समर्थन बनाए रखने और जोखिम पूंजी तक निरंतर पहुँच सुनिश्चित करने के लिए 2021 में स्थापित आत्मनिर्भर भारत (एसआरआई) कोष में 2,000 करोड़ रुपये की वृद्धि की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एसआरआई कोष ने अब तक (30 नवंबर 2025 तक) 15,442 करोड़ रुपये के निवेश के माध्यम से 682 एमएसएमई को सहायता प्रदान की है।
तरलता सहायता
इस मोर्चे पर, एमएसएमई के लिए ट्रेड्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले ही उपलब्ध करायी जा चुकी है। इसकी क्षमता का पूरा लाभ उठाने के लिए, चार मुख्य उपायों की घोषणा की गई है –
केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यमों (सीपीएसई) द्वारा एमएसएमई से होने वाली समस्त खरीद के लिए ट्रेड्स को निपटान प्लेटफॉर्म के रूप में अनिवार्य करना, ताकि अन्य कॉर्पोरेट्स के लिए मानक निर्धारित हो सके।
ट्रेड्स प्लेटफॉर्म पर चालान छूट के लिए सीजीटीएमएसई-समर्थित ऋण गारंटी सहायता शुरु करना।
सरकारी एमएसएमई खरीद के बारे में वित्तपोषकों के साथ जानकारी साझा करने के लिए जेम को ट्रेड्स के साथ एकीकृत करना, ताकि त्वरित और सस्ता ऋण प्राप्त करने में सुविधा हो।
द्वितीयक बाज़ार को मजबूत बनाने, तरलता में सुधार लाने और निपटान में तेज़ी लाने के लिए ट्रेड्स प्राप्तियों को परिसंपत्ति-समर्थित प्रतिभूतियों के रूप में पेश करना।
पेशेवर सहायता
अंतिम दृष्टिकोण के अनुसार, सरकार आईसीएआई, आईसीएसआई, आईसीएमएआई जैसी पेशेवर संस्थाओं को अल्पावधि, मॉड्यूलर पाठ्यक्रम और व्यावहारिक उपकरण विकसित करने और विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों में ‘कॉर्पोरेट मित्र’ की एक टीम तैयार करने को प्रोत्साहित करेगी। ये मान्यता प्राप्त सह-पेशेवर एमएसएमई को अनुपालन आवश्यकताओं को सुलभ लागत पर पूरा करने में मदद करेंगे।