top of page

चांद पर शिवशक्ति प्वाइंट के आसपास घूम रहा प्रज्ञान

27 Aug 2023

इसरो ने जारी किया एक और वीडियो

नई दिल्ली| भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शनिवार को चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर का एक और वीडियो जारी किया है। प्रज्ञान को चंद्रमा के दक्षिणी धु्रव पर सैर करते देखा जा सकता है। एक दिन पहले ही इसरो ने कहा था कि रोवर ‘प्रज्ञान’ ने चांद की सतह पर लगभग आठ मीटर की दूरी सफलतापूर्वक तय कर ली है और इसके उपकरण चालू हो गए हैं। अब ताजा वीडियो में यह रोवर शिव शक्ति प्वाइंट के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। इसरो ने 40 सेकंड का वीडियो साझा करते हुए कहा कि प्रज्ञान रोवर दक्षिणी धु्रव पर चंद्र रहस्यों की खोज में शिव शक्ति प्वाइंट के आसपास घूम रहा है।



इसरो ने कहा कि प्रोपल्शन मॉड्यूल, लैंडर और रोवर पर सभी उपकरण सामान्य ढंग से काम कर रहे हैं। बता दें कि पीएम मोदी ने घोषणा की कि चंद्रयान-3 लैंडर चंद्रमा की सतह पर जिस स्थान पर उतरा है, उसका नाम ‘शिव-शक्ति प्वाइंट’ रखा जाएगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि रोवर प्रज्ञान अपने पहियों के निशान पीछे छोड़ता जा रहा है। इस दौरान उसने एक गड्ढा भी पार किया है। गड्ढे से आगे जाकर रोवर फिर पीछे मुडक़र देखता है।


दो सितंबर को लॉन्च होगा सूर्य मिशन


नई दिल्ली । चंद्रयान-3 की सफलता के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) सूर्य मिशन को लॉन्च करने की तैयारी में है। सूरज का अध्ययन करने के लिए 2 सितंबर को ‘आदित्य-एल1’ का प्रक्षेपण किया जा सकता है। इस अंतरिक्ष यान को सौर कोरोना (सूर्य की सबसे बाहरी परतों) के दूरस्थ अवलोकन और एल1 पर सौर हवा की स्थिति की स्डटी के लिए बनाया गया है।


अंतरिक्ष में महिला रोबोट भेजेगा भारत


नई दिल्ली । चंद्रयान-3 की सफलता के बीच, इसरो अपने अगले मिशन के लिए जुट गया है। अब भारत गगनयान का ट्रायल मिशन लांच करने की तैयारी कर रहा है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत गगनयान मिशन में एक महिला रोबोट ‘व्योममित्र’ भेजेगा। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सिंह ने कहा कि अगले मिशन में महिला रोबोट ‘व्योममित्र’ को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, महामारी के कारण गगनयान प्रोजेक्ट में देरी हुई है। अब हम अक्तूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में पहले ट्रायल मिशन की योजना बना रहे हैं। अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लाना उतना ही महत्त्वपूर्ण है जितना उन्हें भेजना है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दूसरे मिशन में एक महिला रोबोट होगी और वह सभी मानवीय गतिविधियों की नकल करेगी। अगर सब कुछ सही रहा, तो हम आगे बढ़ सकते हैं।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page