top of page

कांग्रेस ने कभी आदिवासियों की विरासत का सम्मान नहीं किया - प्रधानमंत्री मोदी

9 Apr 2024

मध्य प्रदेश के बालाघाट में जनसभा के दौरान कांग्रेस पर बरसे प्रधानमंत्री

बालाघाट | आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और मध्य प्रदेश के बलाघाट में सभाओं के माध्यम से जनता को संबोधित किया | प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुवात देशवासियों को उगादी, गुड़ी-पड़वा, चेती-चांद, नवरेह और साजिबु-चेरोबा की शुभकामनाएं देकर की | आज देश के विभिन्न हिस्सों में विक्रम संवत् 2081 का पहला दिन नववर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। कुछ ही दिन में बैसाखी का पर्व आने वाला है, प्रधानमंत्री ने बैसाखी की भी शुभकामनाएं दी |


प्रधानमंत्री ने कहा "सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। एक समय में कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, तो हमारी सरकार एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लेकर आई। अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब के ग्रंथों को पूरी श्रद्धा से भारत लाए और ये सब आपके एक वोट की ताकत से हुआ है।"


प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जब नीयत सही होती है और हौसले बुलंद होते हैं, तो नतीजे भी सही मिलते हैं। आज हम चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते हुए देख रहे हैं। उन्होंने इंडिया गठबंधन के बारे में कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस के 14 साल में जितने रुपये गन्ना किसानों को मिले थे, उससे ज्यादा रुपये योगी जी की सरकार यहां गन्ना किसानों को दे चुकी है। देश में इथेनॉल ब्लेंडिंग(सम्मिश्रण) को लेकर जो बड़ा अभियान चल रहा है, उससे भी पीलीभीत के किसानों को भविष्य में बड़ा फायदा होने वाला है। देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गन्ना की फसल उगाने वाले किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुलीं है, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार किया जा रहा है।


प्रधानमंत्री ने पीलीभीत की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि "पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। यहां आदि गंगा मां गोमती का उद्गम स्थल है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है, उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है। जिस शक्ति के आगे हम शीश झुकाते हैं, उस शक्ति को उखाड़ फेंकने की बात ये कांग्रेस के नेता कर रहे हैं।"


पीलीभीत लोकसभा सीट पर भाजपा ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को अपना उम्मीदवार घोषित किया है | जितिन प्रसाद भाजपा से दो बार सांसद रहे वरुण गांधी की जगह इस सीट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं | पीलीभीत उत्तर प्रदेश राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से एक सामान्य सीट है | 2024 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा, सपा और बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है | पीलीभीत में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल 2024 मतदान होना है |


इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुँचे | यहाँ प्रधानमंत्री ने जनता से कहा "4-5 महीने पहले, विधानसभा चुनाव में यहां आप लोगों ने मिलकर कांग्रेस को पूरी तरह साफ कर दिया है। अब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लोग भाजपा से नहीं लड़ रहे हैं, एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। इसलिए मध्य प्रदेश के कोने-कोने से आवाज आ रही है - फिर एक बार मोदी सरकार।"


प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि "कभी कांग्रेस सरकार अपनी शिकायतें लेकर दूसरे देशों के पास जाती रहती थी।

लेकिन आज वक्त बदल चुका है, दुनिया के बड़े-बड़े देश, आपस में युद्ध कर रहे देश, भारत से अपने मुद्दों पर बात करने के लिए आते हैं। अपने देश का ये रुतबा देखकर हर हिंदुस्तानी का हौसला बुलंद हो जाता है। आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस बहुत ही पुरानी सोच पर चली। एक तो उनके मन में आजादी के आंदोलन का अहंकार भरा पड़ा था और सामान्य मानवी ने जो आजादी के आंदोलन में त्याग किया, तपस्या की और बलिदान दिया, उसे सत्ता में आते ही कांग्रेस ने नकार दिया। एक छोटे से परिवार का कुनबा हावी हो गया और उसी की सोच देश को पिछड़ेपन की ओर धकेलती गई।"

bottom of page