
नईदिल्ली| इंडिया गठबंधन की अगली बैठक मुंबई में होने वाली है। इसको लेकर तमाम तरह के दावे सामने आ रहे हैं। इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। इस दावे के मुताबिक भाजपा नीत एनडीए की बैठक में शामिल होने 38 दलों में से कुछ दल इंडिया गठबंधन के संपर्क में हैं। साथ ही आलोक शर्मा ने यह भी कहा कि यह दल आने वाले समय में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बन सकते हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई में एक सितंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में कुछ बेहद अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को ऐसा ही दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई में विपक्षी गठबंधन इंडिया की आगामी बैठक के दौरान कुछ और राजनीतिक दलों के इसमें आने की संभावना है। आलोक शर्मा ने यह बातें एक प्रेस कान्फ्रें को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जिन 38 दलों ने पिछली बार एनडीए की बैठक में हिस्सा लिया था, उनमें से 4-5 दल इंडिया गठबंधन के संपर्क में हैं। अलोक शर्मा ने यह भी कहा कि इनमें से कुछ तो बहुत जल्द ही विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बनने की तैयारी में हैं।
वहीं, कुछ अन्य 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हमारे साथ आ जाएंगे। गौरतलब है कि एनडीए गठबंधन की पिछली बैठक बीते महीने दिल्ली में आयोजित हुई थी। इस बैठक में 38 दलों ने हिस्सा लिया था। इस दौरान आलोक शर्मा से पूछा गया कि क्या कांग्रेस महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी गठबंधन का नेतृत्व करेगी? इस सवाल के जवाब में शर्मा कोई भी स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि देश के वर्तमान हालात को देखते हुए यह महत्त्वपूर्ण नहीं है कि कौन नेतृत्व कर रहा है।