top of page

ऑपरेशन के दौरान नवविवाहिता की मौत के मामले में चार माह बाद प्रकरण दर्ज

बुरहानपुर। लालबाग रोड स्थित हकीमी अस्पताल में 23 वर्षीय नवविवाहिता वैष्णवी चौहान की ऑपरेशन के दौरान हुई मृत्यु के प्रकरण में पुलिस ने अस्पताल संचालक डॉ. मुफज्जल बोहरा एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. रेहाना बोहरा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है। थाना लालबाग में रविवार देर रात अपराध पंजीबद्ध होने के बाद यह मामला पुनः चर्चा में आ गया है।


क्या है मामला?


जैनाबाद निवासी वैष्णवी चौहान का पिछले छह महीनों से उपचार चल रहा था। परिजनों के अनुसार बच्चेदानी संबंधी समस्या के कारण उसके तीन ऑपरेशन पूर्व में हो चुके थे। 11 नवंबर 2025 को चौथा ऑपरेशन निर्धारित था। सुबह अस्पताल में भर्ती के बाद दोपहर में सर्जरी प्रारंभ हुई। शाम तक परिजनों को स्थिति गंभीर होने की सूचना दी गई और बाद में मृत्यु की पुष्टि की गई।


परिजनों ने एनेस्थीसिया की मात्रा तथा आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता पर सवाल उठाए हैं। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने लगातार चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है।


प्रशासनिक और वैधानिक प्रक्रिया


घटना के बाद अस्पताल परिसर में विवाद की स्थिति बनी। पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर और उपचार से संबंधित दस्तावेज जब्त किए। कलेक्टर के निर्देश पर जांच समिति गठित की गई। स्वास्थ्य विभाग की जांच उपरांत अस्पताल का लाइसेंस एवं पंजीयन निरस्त कर दिया गया।


थाना लालबाग में मर्ग क्रमांक 36/25 के तहत प्रारंभिक जांच की गई। नवविवाहिता होने के कारण नायब तहसीलदार द्वारा शव पंचायतनामा तैयार किया गया। महिला चिकित्सकों सहित पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया तथा नमूने एफएसएल शाखा, मेडिकल कॉलेज खंडवा भेजे गए। 31 जनवरी 2026 को एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसके पश्चात क्यूरी रिपोर्ट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की टिप्पणी तथा कलेक्टर जांच समिति की विस्तृत रिपोर्ट सहित लगभग 285 पन्नों की जांच डायरी के आधार पर अपराध दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page