top of page

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में मनाया दशहरा

उज्जैन/मालवा हेराल्ड | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विजयादशमी के पावन अवसर पर सपत्नी श्री महाकाल महाराज के चरणों में प्रणाम किया | उन्होंने देश एवं प्रदेश तथा जनता की सुख, समृद्धि एवं प्रगति के लिए बाबा महाकाल से कामना की। पुजारी दिनेश त्रिवेदी ने उनका पूजन अर्चन कराया | श्री महाकाल लोक का लोकार्पण ११ अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होगा। इसी कड़ी में आज विजयादशमी के अवसर पर महाकाल लोक के लोकार्पण का सात दिनी उत्सव प्रारंभ हुआ |


मुख्यमंत्री चौहान आज उज्जैन पहुँचे, पूजन-अर्चन के पश्चात वे बाबा महाकाल की सवारी में सम्मिलित हुए | कलेक्टर आशीष सिंह ने ११ अक्टूबर को श्री महाकाल लोक के लोकार्पण समारोह के मद्देनजर संपूर्ण उज्जैन जिले में स्थानीय अवकाश की घोषणा की है। श्री महाकाल लोक को समारोह पूर्वक लोकार्पित करने की तैयारियां चल रही हैं | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद ही व्यवस्थाओं पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। इसी के साथ महाकाल लोक के उद्घाटन का सात दिवसीय उत्सव शुरू हो गया है | उज्जैन में चारों ओर हर्ष का माहोल है |


मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इस बार का दशहरा कुछ अलग है, अवंतिका नगरी उज्जैन में बाबा महाकाल महाराज की कृपा से अद्भुत महाकाल लोक बन रहा है। ऐसा लोक, जहां लोग जब जाएंगे तो भगवान महाकाल की समस्त लीलाएं देखने को मिलेंगी। जो सपना २०१७ में देखा था, वो अब साकार हो रहा है।


समारोह की भव्यता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमेंउज्जैन सहित पूरे प्रदेश को आमंत्रित किया है | समारोह का प्रथम आमंत्रण मंगलवार को भगवान श्री चिंतामन गणेश को दिया गया।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page