
झाबुआ.दैनिक मालवा हेराल्ड | मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सोमवार 29 मई, 2023 को जिले के थांदला विकासखंड में 296 जोड़ों का सामूहिक विवाह नगर के दशहरा मैदान पर गायत्री परिवार द्वारा संपन्न करवाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीसी के माध्यम से संबोधित कर नवविवाहित जोडो को आर्शीवाद दिया व कहा कि मामा की दुआएं लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं सभी विवाहित जोडो को दिल से आशीर्वाद देता हूॅ और भगवान से यही प्रार्थना करता हूॅ कि बेटियो के जीवन में सुख-समृद्धि आये, जीवन में खुशिया आए, भगवान हर खुशी इन्हें दे। भारत की संस्कृति में विवाह पवित्र आत्मा का बंधन है। जन्म-जन्म का साथ है। विवाह में दो परिवार जुडते है। मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सरकार ने बेटी व बहन की जिन्दगी आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए है, बेटियों के विवाह को बोझ नही रहने देगे, इसके पश्चात् मुख्यमंत्री चौहान ने सभी आयोजकों को धन्यवाद दिया, जिन्होने मेहनत कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोनल भाभर ने भी वर वधुओ को आशीर्वाद देते हुए कहा कि क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में जिला पंचायत का उपचुनाव होना है इस वजह से खवासा क्षेत्र की पंचायतों के जोड़े इस विवाह से वंचित रह गए हैं उनके विवाह भी उपचुनाव बाद शीघ्र करवाए जाएंगे।
सामूहिक विवाह समारोह में वर वधु को आशीर्वाद देने कलेक्टर सुश्री तन्वी हुड्डा, सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, एसडीएम थांदला तरुण जैन, अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाभर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जसवंत भाभर, प्रदेश मंत्री श्रीमती संगीता सोनी, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पंणदा, जनपद अध्यक्ष पोनी जाल डामर, संजय भाभर, संगीता सोनी, श्रीमती माया चौधरी, पंकज जागीरदार, जसवंत बामनिया, श्रीमती माया सचिन सोलंकी अधिकारी कर्मचारीगण आदि मौजूद रहे।