
23 Sept 2022
विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को ७ करोड़ के हितलाभ वितरित
मालवा हेराल्ड | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामाकोना में कहा है कि केंद्र और राज्य शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को दिलाते हुए शत प्रतिशत सैचुरेशन करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस १७ सितंबर से मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान प्रारंभ किया है। यह अभियान ३१ अक्टूबर तक चलेगा और कोई भी पात्र व्यक्ति राज्य और केंद्र शासन की चिन्हांकित ३३ योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।
आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़े, कहीं भटकना न पड़े, इसके लिए ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड में शिविर लगाए जा रहे हैं। अब शासन-प्रशासन खुद आमजन तक पहुँच कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया का संचालन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री चौहान आज मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शिविर और सेवा पखवाड़ा में छिंदवाड़ा जिले के सौंसर विकासखंड की ग्राम पंचायत रामाकोना में शिविर एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। विकासखंड सौंसर की ५ ग्राम पंचायत खुटांबा, रामाकोना, कांगड़ी, आमला और पीपला कन्हान के लिए शिविर किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन किया।
मुख्यमंत्री चौहान का ढोल-मांदल बजा कर अभिवादन किया गया। उन्होंने शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लगभग ७ करोड़ रूपये से अधिक के हितलाभ वितरित किये। उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश में लगभग ४३ लाख लाड़लियाँ हैं। हमने अपनी बेटियों के लिये लक्ष्मी योजना का दूसरा चरण भी शुरू किया है। अब लाड़ली के कॉलेज में एडमिशन लेने पर १२ हजार ५०० रूपये और डिग्री लेने पर १२ हजार ५०० रूपए को मिला कर कुल २५ हजार रूपए दिए जायेंगे। लाड़लियों के कॉलेज की फीस भी मामा भरवायेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, आयुष्मान भारत योजना और राशन वितरण के संबंध में जनता से फीडबैक भी लिए। मुख्यमंत्री चौहान ने शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। शिविर में जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।