
4 Sept 2024
जीवन परिचय
मध्य प्रदेश के 19 वें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का जन्म 25 मार्च 1965 को उज्जैन में हुआ। डॉ मोहन यादव ने बीएससी, एलएलबी, एमबीए एवं राजनैतिक शास्त्र में पीएचडी की डिग्री हांसिल की हुई है। वर्ष 2023 में डॉ यादव लगातार तीसरी बार उज्जैन दक्षिण विधान सभा से विधायक के रूप में निर्वाचित हुए। डॉ मोहन यादव के पिता का नाम पूनमचंद यादव और माता का नाम लीलाबाई यादव है। डॉ मोहन यादव की धर्मपत्नी का नाम सीमा यादव है, उनके दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं।
डॉ मोहन यादव ने अपनी राजनीति की शुरुवात छात्र राजनीति से की, उन्होंने वर्ष 1997 में भाजयुमो प्रदेश समिति में अपनी जगह बनाई। वर्ष 1998 में वे पश्चिम रेलवेबोर्ड की सलाहकार समिति के सदस्य बने। डॉ मोहन यादव वर्ष 2004 में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बने। डॉ यादव को राज्यमंत्री का दर्जा मिला उनके कार्यकाल में उज्जैन विकास प्राधिकरण ने कई योजनाओं पर कार्य किया। डॉ यादव ने वर्ष 2004 से 2014 तक उज्जैन विकास प्राधिकरण के सबसे सफलतम अध्यक्ष के रूप में अपना कार्यकाल पूर्ण किया। डॉ यादव की कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी आलाकमान ने उन्हें 2011 में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष (केबिनेट मंत्री दर्जा) का कार्यभार सौंपा। डॉ यादव ने वर्ष 2011 से 2013 के मध्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रहते हुए शानदार काम किया।
डॉ मोहन यादव वर्ष 2013 पहली बार विधायक बने। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनपर पुनः भरोसा किया और डॉ यादव ने सफलता हांसिल की। वर्ष 2020 में उलटफेर के बाद जब मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तब डॉ मोहन यादव ने उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में शपथ ली। उनके कार्यकाल में देश में पहली बार मप्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का सफल क्रियान्वयन हुआ। प्रदेश में 54 नए महाविद्यालय खोले गए।
डॉ यादव को उज्जैन के समग्र विकास के लिए अप्रवासी भारतीय संगठन शिकागो (अमेरिका) द्वारा महात्मा गांधी पुरस्कार तथा इस्कॉन इंटरनेशनल फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें मध्यप्रदेश में पर्यटन के निरंतर विकास के लिए वर्ष 2011-2012 एवं 2012-2013 में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया गया। डॉ. यादव वर्ष 2013 में चौदहवीं विधान सभा, वर्ष 2018 में दूसरी बार पन्द्रहवी विधान सभा सदस्य निर्वाचित हुए। वे दिनांक 2 जुलाई, 2020 को केबिनेट मंत्री बने। डॉ. यादव वर्ष 2023 में सोलहवी विधानसभा के लिए तीसरी बार सदस्य निर्वाचित हुए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में डॉ. यादव ने 13 दिसंबर 2023 को भोपाल में प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।