top of page

1 सितम्बर को नीमच आयेंगे कमलनाथ

23 Aug 2023

दशहरा मैदान में होगी आमसभा

नीमच(सतीश सैन)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 01 सितम्बर को नीमच आ रहे है। कमलनाथ यहां कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। साथ ही जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। वहीं जिला कांग्रेस ने कमलनाथ के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलनाथ हवाई पट्टी पर प्रेस वार्ता करेंगे। इसके बाद कमलनाथ शहर के दशहरा मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे। 


क्या फिर शक्ति प्रदर्शन के नाम पर दिखेगी गुटबाजी?


पूर्व मंत्री और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य कमलेश्वर पटेल 3 दिन पूर्व नीमच आए थे। इस दौरान नीमच जिले की तीनों विधानसभा से दावेदारी कर रहे कांग्रेस नेताओं ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया था। इस दौरान गुटबाजी भी खुलकर सामने आई थी, जिसको लेकर पूर्व मंत्री पटेल ने भरे मंच से कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिदायत भी दी थी। वहीं कमलेश्वर पटेल, पूर्व सीएम के ख़ास भी माने जाते हैं तो संभवतः नीमच में घटित गुटबाजी का यह घटनाक्रम पीसीसी चीफ कमलनाथ तक जरूर पहुंच चुका होगा। वहीं कमलनाथ का यह दौरा कांग्रेस में व्याप्त गुटबाजी और राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा हैं। 


समंदर पटेल की कांग्रेस में वापसी के बाद कमलनाथ प्रथम बार नीमच आ रहे हैं। सूत्रों के हवाले से कमलनाथ के आगमन को लेकर समंदर पटेल ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। समंदर पटेल भी लाव लश्कर के साथ कमलनाथ के स्वागत की तैयारियों में लग गए हैं। वहीं नीमच जिले से भी सभी विधानसभा के उम्मीदवार अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन फिर से कमलनाथ के सामने करेंगे। जिसको लेकर दशहरा मैदान में अपेक्षित से ज्यादा भीड़ आने की सम्भावना लग रही हैं। 


वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस सभा में कमलनाथ नीमच शहर की सबसे जटिल समस्या बंगला-बगीचा के समाधान को लेकर भी बड़ी घोषणा कर सकते हैं। सीएम शिवराज द्वारा बंगला बगीचा समस्या के समाधान को लेकर जो मसौदा तैयार किया गया था, उस मसौदे में कई तरह की विसंगतियां व खामियां हैं। इस मसौदे के पारित होने केब बाद सामने आई विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर बंगला-बगीचा संघर्ष समिति के पदाधिकारी व सदस्य भी कमल नाथ से मुलाकात करेंगे। 


आपकों बता दें कि बंगला बगीचा क्षेत्रों में हजारो लोग निवास करते हैं। ये सभी लोग समय समय पर समाधान के लिए बनाए गए जटिल नियमों में सरलीकरण की मांग करते आए हैं। लेकिन भाजपा की शिवराज सरकार ने सिर्फ इन्हें समाधान ही दिया है। समस्या अभी भी जस की तस ही बनी हुई है। 


वहीं देखना यह भी हैं कि नीमच में कांग्रेस में व्याप्त इस गुटबाजी को लेकर कमलनाथ क्या एक्शन लेते हैं। क्योंकि विधानसभा चुनाव में अब समय बहुत कम बचा है और नीमच कांग्रेस की इस गुटबाजी की चर्चा प्रदेश और देश की राजधानी तक पहुंच चुकी है। अब देखना यह है कि मंडलम/सेक्टर की मीटिंग में कमलनाथ जीत का कौनसा मंत्र कार्यकर्ताओं को देकर जाते हैं, जिससे कांग्रेसी केवल कांग्रेस का निशान देखकर ही चुनावी मैदान में काम करें।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page