
24 Jun 2023
भाजपा सरकार का पाप पूरे विश्व ने देखा - डॉ गोविंद सिंह
उज्जैन । मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह आज सुबह उज्जैन पहुंचे।यहां उन्होंने महाकाल दर्शन के उपरांत महाकाल लोक में सप्तऋषि की प्रतिमा गिरने वाले स्थल को देखा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह की सरकार का पाप पूरे विश्व की जनता ने देख लिया है। सवा सौ करोड़ लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने का जो लोग काम कर रहे हैं उन्हें जेल भिजवाना चाहिए।
यहाँ वे कमलनाथ के आदेश पर भाजपा सरकार के कामकाज और महाकाल लोक सहित सिंहस्थ भूमि की जमीन पर हुए घोटालों की पोल खोलने के लिए धरना प्रदर्शन करने पहुंचे थे। धरना प्रदर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे डॉ गोविन्द सिंह का सुबह करीब 9 बजे सर्किट हॉउस पर स्वागत हुआ, यहाँ से वे सीधे महाकाल मंदिर दर्शन के लिए गए, तत्पश्चात महाकाल लोक की सप्त ऋषियों की मूर्तियां गिरने पर महाकाल लोक के त्रिवेणी पर पहुंचे, डॉ सिंह ने गिरी हुई मूर्तियों के पेड़ स्टल को देखा और कहा कि महाकाल लोक बनाने में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। हमारी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट के जज से इसकी जांच कराई जाए तभी प्रदेश सरकार के मामले उजागर हो सकेंगे। शिवराज सिंह की सरकार का पाप पूरे विश्व की जनता ने देख लिया है। सवा सौ करोड़ लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने का जो लोग काम कर रहे हैं उन्हें जेल भिजवाना चाहिए।शहीद पार्क पर विशाल जंगी प्रदर्शन में भाजपा सरकार के खिलाफ धरने प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे डॉ गोविन्द सिंह के साथ विधायक महेश परमार, रामलाल मालवीय,प्रमुख कांग्रेस नेता शामिल हुए। प्रदर्शन में महाकाल लोक, सतपुड़ा भवन में आग, मास्टर प्लान में सिंहस्थ भूमि को आवासीय करने का मामला उठा और गोविन्द सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला,उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी सरकार में 300 करोड़ की योजना बनाई थी परंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही जिस प्रकार तोड़फोड़ बेईमानी करके उन्होंने सरकार बनाई थी उसी प्रकार भगवान के साथ ही धोखा किया मूर्तियां निम्न स्तर की घटिया लगाई है। करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ है उससे महाकाल भगवान नाराज हुए। सिंहस्थ भूमि पर मंत्री द्वारा अपनी जमीन को मास्टर प्लान में शामिल करने का आरोप लगाकर दाऊद खेड़ी और सावरा खेड़ी सिंहस्थ भूमियों का निरीक्षण भी किया। प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज प्रदेश में भ्रष्टाचार की गंगोत्री बह रही है और चारों ओर लूट खसोट मची हुई है। कांग्रेस की सरकार आने पर इसे समाप्त किया जाएगा, वही महाकाल मंदिर में आम दर्शनार्थियों से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने सरकार को घेरते हुए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। एक निजी होटल में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता भाजपा सरकार से ऊब कर परिवर्तन का मन बना चुकी है जिसकी वजह से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।धरना प्रदर्शन के उपरांत एसडीएम कल्याणी पांडे को ज्ञापन सौंपा गया।