top of page

राहुल जहां-जहां गए, वहां-वहां कांग्रेस का सफाया हुआ - मुख्यमंत्री यादव

20 Mar 2024

पहले चरण की अधिसूचना जारी, 19 अप्रैल को मतदान

भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी में बुधवार को भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्र का नामांकन दाखिल कराया। वहीं, शहडोल सीट से भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सीधी में भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्र के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मौजूद रहे। वहीं, शहडोल हिमाद्री सिंह के साथ मंत्री दिलीप जायसवाल, पूर्व मंत्री बिसाहू लाल सिंह और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


सीधी में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभा को संबोधित किया। सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पद यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां से यात्रा निकली, लोग कहते हैं कांग्रेस छोड़ो यात्रा थी। वो जहां-जहां गए, वहां से लोग कांग्रेस छोड़ते चले गए। जिस रास्ते से कांग्रेस के नेता गए, उस रास्ते में आगे-आगे भाई साहब पीछे-पीछे फुल स्टॉप। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व है, लगातार दो बार सरकार बनाने के बाद अब तीसरी बार के लिए उनके कदम बढ़ रहे हैं। ये वो नहीं कह रहे हैं, लोकसभा में कांग्रेस के अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष बोलते हैं। हमारा नारा कांग्रेस वाले बोल रहे हैं कि अबकी बार, 400 पार।


कांग्रेस अभी तक मैदान में नहीं उतरी


मुख्यमंत्री ने कहा कहा कि सीधी में हमारा जोरदार शुभारंभ हो रहा है। भाजपा का प्रत्याशी भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर प्रदेश का पहला नामांकन भरने वाला प्रत्याशी बना है। वहीं, कांग्रेस का प्रत्याशी अभी चुनावी मैदान में नहीं आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूत के पांव पालने में ही दिखाई देते हैं, अभी से कांग्रेस की ये हालात है। प्रदेश में 29 लोकसभा की सीट है, लेकिन कांग्रेस में बड़े से बड़े नेता, कोई भी चुनाव लड़ने को तैयार नहीं। मुख्यमंत्री ने सीधी में नामांकन सभा को संबोधित किया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्र के साथ रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।


हिमाद्री ने अनूपपुर में दाखिल किया नामांकन


शहडोल सीट से भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह ने अनूपपुर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना पर्चा दाखिल किया। हिमाद्री सिंह शहडोल सीट से मौजूदा सांसद हैं। भाजपा ने इन्हें दोबारा अपना प्रत्याशी बनाया है।


मप्र की छह सीटों पर 19 को मतदान


19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। पहले चरण में मध्यप्रदेश की 6 लोकसभा सीटों छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, सीधी, शहडोल और बालाघाट में मतदान होगा। इन छह सीटों में से 4 सामान्य सीट हैं, जबकि दो सीट मंडला और बालाघाट आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं।


पहले चरण की अधिसूचना जारी, 19 अप्रैल को मतदान


नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने बुधवार को पहले चरण के मतदान की अधिसूचना जारी कर दी। इस चरण में 17 राज्यों और चार केन्द्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा। नामांकन 27 मार्च तक किए जा सकेंगे, जिनकी जांच 28 मार्च को होगी। बिहार के लिए तारीखें 28 और 30 मार्च हैं। अधिसूचना के अनुसार इस चरण में तमिलनाडु की सभी 33, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, मध्यप्रदेश की 6, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र की 5-5, बिहार की 4, पश्चिम बंगाल की 3, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और मेघालय की सभी 2-2 और छत्तीसगढ़, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, जम्मू और कश्मीर, लक्षद्वीप और पुड्डुचेरी की एक-एक सीट पर पहले चरण में मतदान होगा। वहीं, त्रिपुरा की रामनगर, तमिनाडु की विलावानकोड सीट पर उपचुनाव इस चरण में होगा।


अरूणाचल और सिक्किम में विधानसभा चुनाव:इसके अलावा अरूणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों और सिक्किम की सभी 32 विधानसभा सीटों पर भी इस चरण में मतदान होगा। दोनों राज्यों की विधानसभा के नतीजे 2 जून को आएंगे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page