top of page

मध्य प्रदेश के शुजालपुर में नगर पालिका की काली करतूत

शुजालपुर/मालवा हेराल्ड | मध्य प्रदेश के शुजालपुर में एक बेहद शर्मनाक घटना देखने को मिली है, यहाँ एक तस्वीर में मृत गाय को कचरे के साथ ले जाया जा रहा है | आज यह हरकत हमारे कैमरे में कैद हुई | शुजालपुर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष बबिता परमार गाय को रोग से बचाने के लिए हल्दी वाली रोटी खिलाते हुए लोगों को गोवंश की बीमारी से बचाने की अपील करते हुए फोटो सोशल मीडिया पर डाल रही है, लेकिन उन्हीं के नियंत्रण वाली नगर पालिका के कर्मचारी मृत गाय के शरीर को कचरा वाहन में निर्दयता पूर्वक डालकर साहू निष्पादन के लिए ले जा रहे |

मृत गोवंश को कचरा वाहन में कूड़े के साथ डाल कर ले जाने का वीडियो और फोटो शहर में वायरल हो रहा है | ३ दिन पहले नगर पालिका परिषद की बैठक में नगरपालिका के जिम्मेदार शहर में गौशाला की स्थापना के लिए भूमि मांग का प्रस्ताव पारित कर चुके | आज शनिवार को नगर पालिका के सफाई अभियान में गाय को कचरा गाड़ी में कूड़े के साथ डालकर उसे टचिंग ग्राउंड तक पहुंचाया गया | क्षेत्र में महाकाली चौराहे पर लोगों ने इसका फोटो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया | नियमानुसार किसी भी पशु पक्षी के मृत्यु होने पर नगर पालिका द्वारा मवेशी के निवारण के लिए अलग दल बनाया गया है | उसे ले जाकर शव का निष्पादन जन सामान्य को प्रभावित ना करने वाले तरीके से करने का प्रावधान है | इस बारे में नगरपालिका के स्वच्छता शाखा के प्रभारी मोहन परमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, जिसकी गलती है उसे नियमानुसार दंडित किया जाएगा |

धार्मिक स्वभाव वाली नगर पालिका अध्यक्ष बबीता परमार मवेशियों में फैल रहे रोग को देखते हुए प्रतिदिन अपने घर पर आटे में हल्दी डलवा कर मवेशियों के लिए अलग से रोटी बनवा कर खिलाते हुए फोटो सोशल मीडिया पर डालती हैं | वे गौ सेवा के साथ गोवंश को बीमारी से बचाने के लिए इस तरह का प्रयास करने की अपील सोशल मीडिया से कर रही है | पहली बैठक में गौशाला के प्रयास के लिए भी उन्होंने विषय रखा था, लेकिन कर्मचारियों द्वारा आज गोवंश को कचरा वाहन में ले जाने का वीडियो वायरल होने के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चा है |

आज पूरे देश में लंपी वायरस का कहर देखने को मिल रहा है, इस वायरस के कारण अब तक प्रदेश में कई गायों की मौत हो चुकी है | चूँकि मामला गोवंश से जुड़ा है तो शुजालपुर नगर पालिका इस प्रकार की करतूत से धार्मिक भावनाएँ आहत हो सकती हैं | वहीँ दूसरी ओर लंपी रोग गौवंश में तेजी से फैल रहा है, जिससे दूध की खपत पर भी अब असर पड़ने लगा है | इन्दौर में तो लंपी रोग फैलने की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर ने धारा 144 के तहत जिले में पशु हाट बाजारों में पशुओं के क्रय-विक्रय पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है | अगले आदेश तक इंदौर जिले में वाहनों के माध्यम से पशुओं का आवागमन पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा | पशुओं को किसी भी माध्यम से इंदौर जिले से बाहर जाना तथा अन्य जिले से इंदौर जिले में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा |

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page