
25 May 2023
रिजल्ट http://mpresults.nic.in और http://mpbse.nic.in वेबसाइट पर उपलब्ध है
दैनिक मालवा हेराल्ड | माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा का परिणाम आज घोषित हो चुका है | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य मंत्रियों ने परीक्षा मे उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं | एम पी बोर्ड की 10वी कक्षा में 63.29% विद्यार्थी पास हुए वहीँ कक्षा 12वी में 55.28% विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए |
मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेण्डरी एजुकेशन (MPBSE) ने आज दोपहर 12:30 पर कक्षा 10वीं-12वीं के रिजल्ट की घोषणा की | परीक्षा का परिणाम मुख्य रूप से http://mpresults.nic.in और http://mpbse.nic.in वेबसाइट पर उपलब्ध है | इस साल राज्य में लगभग 18 लाख से अधिक छात्रों ने एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था |
माध्यमिक शिक्षा मण्डल से प्राप्त आकड़ों के अनुसार एम पी बोर्ड से 12वीं कक्षा की परीक्षा के लिए 729426 छात्रों ने फॉर्म जमा किया था, जिसमें से 727044 छात्रों ने परीक्षा दी | कुल मिलाकर 401366 छात्र 12वीं क्लास में पास हुए हैं, जिसमें से 279257 छात्र प्रथम श्रेणी, 121507 द्वितीय श्रेणी और 602 छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं | 12वीं कक्षा में लड़कियों ने बाजी मारी है, उत्तीर्ण छात्रों में 58.75 प्रतिशत लड़कियां हैं वहीं 52 प्रतिशत लड़के पास हुए हैं |
10वीं कक्षा में 63.29% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं | यहाँ भी लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ा है | 66.47% लड़कियां पास हुई हैं जबकि लड़कों के पास होने का प्रतिशत 60.26 रहा है |