
उज्जैन। रविवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में हुए लाड़ली बहना सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने रक्षा बन्धन के अवसर पर अपनी बहनों के लिए खजाना खोल कर कांग्रेस के घोषणा पत्र को बेअसर कर दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सस्ता गैस सिलेंडर सहित कई घोषणाएं की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस और बाकी जितनी भी नौकरियां हैं उनमें 35% भर्तियां आगे से बेटियों की होंगी। जिनमें सरकार डायरेक्ट नियुक्ति करती है अब ऐसे नॉमिनेटेड पोस्ट पर भी 35%नियुक्ति महिलाओं की होगी।
प्रत्येक थाने में होगी महिला डेस्क...
मध्यप्रदेश के हर थाने में महिला डेस्क के साथ पर्याप्त संख्या में बेटियों को पुलिस के रूप में रखेंगे। लाड़ली बहनें 'आजीविका मिशन' में भी आएंगी। काम-धंधे के लिए बैंक उन्हें लोन देगा, इसका ब्याज केवल 2% होगा, यह भी प्यारा भैया भरेगा।
सावन के महीने में 450 रु में गैस सिलेंडर...
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि सावन के इस महीने में रसोई गैस 450 रुपए में तुम्हारा भैया दिलवाएगा। इसके बाद परमानेंट व्यवस्था बनाएंगे, ताकि बहनों को महंगा गैस सिलेंडर न लेना पड़े।
100 रु में मिलेगी बिजली....
आगे मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बढ़े हुए बिजली के बिल की वसूली नहीं होगी। सितंबर में बढ़े हुए बिजली के बिल जीरो हो जाएंगे। गरीब बहनों का बिजली बिल केवल 100 रुपए हो जाएगा। दूर-दराज के जिन मजरे और टोले में बिजली नहीं है और 20 मकान की कोई बस्ती है। तो वहां बिजली लेकर जाएंगे। इसके लिए 900 करोड़ की व्यवस्था की है।
रक्षा बन्धन के 250 रु खाते में आए ....
सम्मेलन शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने 'लाड़ली बहना सेना' की सदस्यों के पैर पखारे। महिलाओं ने अपने मुख्यमंत्री भईया को बड़ी राखी भेंट की । इस अवसर पर लाड़ली बहना कैलेंडर लॉन्च किया। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के मंच से लाड़ली बहनों के बैंक खातों में रक्षा बंधन के लिए 250 रुपए जारी करते हुए कहा कि रक्षाबंधन धूमधाम से मनाओ। 10 सितंबर को फिर 1 हजार रुपए डाले जाएंगे। अक्टूबर से लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1250 रुपए डाले जाएंगे।
50% से ज्यादा बहनें चाहेंगी तो बंद होगी शराब दुकान...
मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब नीति में जहां आधी से ज्यादा बहनें नहीं चाहेंगी कि शराब की दुकान हो, वहां शराब दुकान नहीं खोली जाएगी।
बहनों को मिलेंगे प्लॉट..
मुख्यमंत्री ने कहा इंडस्ट्रियल एस्टेट्स में बहनों को उद्यमिता के लिए प्लॉट प्राथमिकता से दिए जाएंगे। गांवों में बहनों को रहने के लिए प्लॉट दिया जाएगा। शहर में माफिया से छीनी गई जमीनों से बहनों के रहने के लिए प्लॉट दिए जाएंगे। आगे कहा, मैं ये भी घोषणा कर रहा हूं कि लाड़ली बेटियों को मामा पढ़ाएगा, उनकी फीस मैं भरवाऊंगा, ताकि बेटियां भी ठीक से पढ़ सकें।