
भापाल| मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो चुकी हैं| इसी के मद्देनजर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पूरी कमान अपने हाथ में ले ली है| इसी क्रम में केंद्रीय नेता लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं| पार्टी प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती|
आगामी 22 जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भोपाल आने वाले हैं| इसी दिन भाजपा की बड़ी बैठक होगी| इस बैठक के बाद आगामी चुनावों को लेकर कई समिति के पदाधिकारी और सदस्यों के नामों की घोषणा हो सकती है|
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 या 23 तारीख को प्रदेश के दौरे पर रह सकते हैं| पार्टी की ओर से अभी उनके दौरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है| यह कयास भी लगाये जा रहे हैं कि वे अपने इस कार्यक्रम में उज्जैन आकर महाकाल दर्शन भी कर सकते हैं|
इस विधानसभा चुनाव में पार्टी की योजना महाकाल लोक और उज्जैन में धार्मिक पर्यटन के विकास से जुड़े मुद्दों पर जनता के बीच जाना है| प्रधानमंत्री मोदी ने उज्जैन में जिस स्वरूप में महाकाल लोक की कल्पना की थी वह द्वितीय चरण का काम पूरा होने के बाद दिखने लगेगा|