
6 Sept 2023
गृह मंत्री ने कहा- ये सब कमल नाथ के उकसाने पर हुआ
नीमच(सतीश सैन)। जिले की मनासा विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था। करीब 100 से 150 लोग यात्रा के सामने आ गए थे। भाजपा नेताओं ने काफी देर तक इन लोगों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान यात्रा पर अचानक पथराव शुरू हो गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर जमा कर रखे थे। इस हमले में यात्रा में शामिल वाहनों के कांच फूट गए। इस मामले में बुधवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रीवा में कहा- कमलनाथ कई महीने से उकसाने का काम कर रहे थे। वे कह चुके थे कि मणिपुर जैसा पथराव हो सकता है।
एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि पुलिस ने 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। अब तक भेरूलाल सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वीडियो के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा। वहीं भाजपाइयों का कहना है कि ये सब कांग्रेस के इशारे पर हुआ है। पथराव के दौरान यात्रा में यात्रा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, बंशीलाल गुर्जर और मनासा विधायक माधव मारू भी यात्रा के साथ थे।
घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे जिला मुख्यालय से 75 किलोमीटर दूर रामपुरा क्षेत्र के राउली कुड़ी गांव में हुई। यात्रा पर हमले की वजह चीता प्रोजेक्ट को लेकर विरोध भी बताया जा रहा है। वन विभाग चीता प्रोजेक्ट के तहत जंगल में फेंसिंग कर रहा है। ग्रामीणों के मवेशियों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीण भड़के हुए हैं।
ये भी पढ़ें -
