
29 Jul 2023
पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को किया संबोधित
भोपाल| मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में पहुँचे| उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों का स्वागत कर संबोधित किया। पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। पुलिस के जवानों और उनके परिवारजनों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस-कर्मियों के परिजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ
सभी पुलिस थानों में पदस्थ आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल भत्ता प्रतिमाह दिया जायेगा।
पुलिसकर्मियों का पौष्टिक आहार भत्ता एक हजार रूपए प्रतिमाह किया जायेगा।
आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक का वर्दी भत्ता प्रतिवर्ष 5 हजार रूपए किया जायेगा।
राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को वेतनमान का पंचम स्तर दिया जायेगा।
भोजन भत्ता की दर 100 रूपए प्रतिदिन की जायेगी।
45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जायेगा।
सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जायेगा।
पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नये आवास बनाये जायेंगे।