
मंदसौर। प्रदेश के सबसे कम बारिश वाले जिलों में शामिल है। यहां अब अच्छी बरसात के लिए तरह-तरह के टोने-टोटके किए जा रहे हैं। 26 अगस्त को मंदसौर के गाँधी चौराहा से गणपति चौक तक जिंदा व्यक्ति की शवयात्रा निकली गई। इस्लाम धर्म त्यागकर चौतन्य सिंह राजपूत बने शख्स और समाजसेवी बंसल सहित कई लोगों ने मिलकर इसका आयोजन किया।
लोगों ने मृत समझा
बैंड बाजो पर रघुपति राघव राजाराम की धुन और मातमी ढोल के साथ शवयात्रा गांधी चौराहा से शुरू हुई। ये शहर के प्रमुख रास्तों से होती हुई जांकुपुरा गणपति चौक स्थित द्विमुखी गणेश मंदिर पहुंची। जहां मुर्दा बने चौतन्य सिंह ने गणेश भगवान से जिले में अच्छी बारिश की कामना की। शहर में शवयत्रा जहां-जहां से निकली वहां लोगों ने हाथ जोड़कर मृतक की आत्मा को शांति मिलने की प्रार्थना की। जब ये पता चला कि यह बारिश के लिए टोना-टोटका किया जा रहा है, तो लोगों ने कहा भगवान इन्हें लंबी उम्र दे। गौरतलब है कि जिले में अब तक 17 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह औसत दर से आधी है। उधर, मौसम जानकारों ने जिले में औसतन बारिश का आंकड़ा पूरा नहीं होने की भी बात कही है।