
30 Aug 2023
भाजपा दो धड़ो में बटी हुई दिखाई दी
सोनकच्छ(मनीष सोनी)| मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए केन्द्रीय भाजपा चुनाव समिति द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा होने के बाद सोनकच्छ विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी राजेश सोनकर का सोमवार को प्रथम नगर आगमन हुआ। करीबन 12 दिन बाद सोनकच्छ नगर पहुंचे जहाँ उनका भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। अभी तक वे केवल इंदौर-देवास में ही कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात कर रहे थे। नगर आगमन पर सोनकर के साथ इंदौर, सांवेर, देवास व बाहरी लोगों की भीड़ ज्यादा दिखाई दी गई। ग्राम सांवेर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन भी भाजपा द्वारा किया गया। सांवेर से लेकर मण्ड़ी प्रांगण तक स्वागत सत्कार का कार्यकर्ताओं ने किया। मुख्य कार्यक्रम मण्ड़ी प्रांगण में सम्पन्न हुआ जहाँ केबीनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट, बागली विधायक पहाड़सिंह कन्नोजे, जिला पंचायत अध्यक्ष लीलाबाई अटाड़िया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह राजपूत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ठा. अजयसिंह बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खण्ड़ेलवाल, भाजपा नेता बहादुरसिंह पीलवानी, भाजपा नेता दशरथ यादव सहित अनेक भाजपा नेता मंचासीन थे। वहीं अतिथियों ने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का बखान कर आमजनों को संबोधित किया वहीं प्रत्याशी सोनकर ने अपने उद्बोधन में सोनकच्छ की माटी को नमन करते हुए कहाकि जो प्यार मुझे स्वागत के दौरान मिला है वह प्रशंसनीय है। प्रत्येक कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और यहां सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा। इस बार भाजपा पार्टी ने पूर्व विधायक राजेन्द्र वर्मा का टिकिट काटकर सांवेर के पूर्व विधायक सोनकर को दिया है तभी से ही वर्मा समर्थकों में असंतोष व्याप्त है और सोशल मीड़िया पर भाजपा हाईकमान के इस निर्णय का जमकर विरोध जता रहे है। वर्मा समर्थकों ने क्षेत्र में खुली बगावत कर सैकड़ों गाड़ियों के काफिले से भोपाल भाजपा कार्यालय भी पहुंचे थे। क्षेत्र की जनता में चर्चा का विषय है यदि वर्मा समर्थकों को समय रहते हुए नहीं मनाया तो परिणाम कुछ ओर ही देखने को मिलेगा। विधानसभा चुनाव मंे अभी करीबन 3 माह का समय शेष है लेकिन सोनकच्छ की भाजपा दो गुटों में बंटी हुई दिखाई दे रही है। उक्त कार्यक्रम से वर्मा समर्थकों ने दूरी बनाई जो नगर में चर्चा का विषय रहा।