
भोपाल | दैनिक मालवा हेराल्ड | मध्यप्रदेश में चुनावी वर्ष में भाजपा और कांग्रेस के बीच महिलाओं को साधने की होड़ लग गई है | जहाँ एक और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहन महिलाओं को लाडली बहना योजना के माध्यम से जल्द ही 1000 रूपये महीना देने वाले हैं तो उसके जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नारी सम्मान योजना की घोषणा कर दी है | इस योजना के तहत कांग्रेस का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने पर मध्य प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए महीने दिए जाएंगे |
सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस के अधिकृत ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट भी शेयर किया गया | जिसके मुताबिक, कांग्रेस की ''नारी सम्मान'' योजना के तहत महिलाओं को 1500 रूपया महीना मतलब सालाना 18000 रुपए दिए जाएंगे | इसके अलावा, रसोई गैस सिलेंडर 500 रूपये में देंगे. इससे सालाना 7000 रूपये से अधिक की बचत होगी | योजना के पंजीयन 9 मई 2023 से प्रारंभ होंगे | 'नारी सम्मान योजना' के नाम से इस योजना में घर-घर जाकर फॉर्म भरे जाएंगे |
शिवराज की 'लाडली बहना योजना' में पात्र महिलाओं की आयु सीमा 23 से 60 साल है, वहीं कमलनाथ का दावा है कि कांग्रेस सरकार बनने पर 18 साल से लेकर 60 साल तक की हर महिला इसकी पात्र होगी | ऐसे में कमलनाथ को भरोसा है कि नारी सम्मान योजना का आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को फायदा मिलेगा |
विशेषज्ञों की माने तो कांग्रेस की योजना चुनावी दौर में लाडली बहना योजना पर भारी पड़ सकती है, शुरुवाती पैमानों में योजने के लाभ अच्छे दिख रहे हैं | अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी है कि कांग्रेस इस योजना का प्रचार प्रसार कैसे करती है | जहाँ तक सोशल मीडिया की बात है तो वहाँ भाजपा की जबरदस्त पकड़ है और इतने कम समय में वहाँ कोई चमत्कार की उम्मीद नहीं दिख रही है | किन्तु कांग्रेस यदि सीधे जनता के बीच योजना पहुँचाने का प्रयास करे तो यहाँ से राजनीतिक लाभ मिलने की अपार संभावनायें हैं |
2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की मंशा कड़ी टक्कर देने की है, वह महँगाई को प्रमुख मुद्दा बनाना चाहती है | वहीं दूसरी और भाजपा धार्मिक पर्यटन और विकास को प्रमुख मुद्दा बनाना चाहती है | दोनों राजनीतिक पार्टियाँ अपनी कमर कस चुकी है और नवम्बर में होने वाले चुनाव में अच्छे मुकाबले की उम्मीद है |