top of page

अपहरण और लूट की सनसनीखेज वारदात का चंद घंटों में खुलासा, पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार

इंदौर। शहर में अपहरण कर लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस थाना तेजाजी नगर ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मश्रुका तथा घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। सभी आरोपी पूर्व से ही गंभीर आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं।


शहर में चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह और पुलिस उपायुक्त जोन-01 कृष्ण लालचंदानी के मार्गदर्शन में जोन-01 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।


जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को थाना तेजाजी नगर क्षेत्र के कैलोद फाटा बायपास रोड पर हुंडई ओरा कार क्रमांक MP07ZZ2649 में सवार पांच आरोपियों ने एक व्यक्ति का अपहरण कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही थाना तेजाजी नगर में तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-01 सुमित केरकेट्टा एवं सहायक पुलिस आयुक्त आजाद नगर रविन्द्र बिलवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र मरकाम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तेजी से कार्रवाई की। कुछ ही घंटों में सभी पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपियों में नितेश, अर्जुन और सुक्सीन निवासी बाणगंगा तथा विजय और संजय निवासी चंदननगर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है।


पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके विरुद्ध थाना बाणगंगा, चंदननगर, एरोड्रम और हातोद में लूट, अवैध वसूली, अवैध हथियार रखने और मारपीट जैसे गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page