
17 May 2023
यात्रियों का चयन कम्प्यूटराईज्ड लॉटरी से 23 मई को किया जायेगा
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अन्तर्गत वायुयान से शिरड़ी के लिये यात्रा 23 जून को रवाना होगी। इसके लिये उज्जैन जिले से 32 यात्रियों को भेजे जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। उक्त यात्रा हेतु पात्र आवेदकों के आवेदन समस्त नगरीय निकाय/ग्रामीण निकायों में प्राप्त करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
यदि जिले को निर्धारित कोटे से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो ऐसी स्थिति में यात्रियों का चयन कम्प्यूटराईज्ड लॉटरी से किया जायेगा। साथ ही निर्धारित कोटे से 10 प्रतिशत अतिरिक्त तीर्थ यात्रियों की सूची भी तैयार की जायेगी। उक्त कार्यवाही आगामी 23 मई को दोपहर 3 बजे अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के कक्ष में सम्पन्न की जायेगी। उक्त कार्य को पारदर्शिता की दृष्टि से किये जाने के लिये समिति का गठन किया गया है।
समिति में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एमएल टांक, प्रभारी परियोजना अधिकारी डूडा श्री जगदीश मेहरा, शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ नगर निगम की उपायुक्त श्रीमती नीता जैन, आरईएस के ईई श्री सुनील शर्मा, जिला निर्वाचन कार्यालय के सुपरवाइजर श्री रमेशचंद्र राय, ईदक्ष केन्द्र जिला पंचायत के प्रभारी श्री अंकित बिसेन को बतौर सदस्य नियुक्त किया गया है। इसमें कम्प्यूटर सम्बन्धी कार्य जिला पंचायत के डाटा इंट्री ऑपरेटर श्री अमित व्यास और श्री भूपेन्द्र देवड़ा द्वारा किया जायेगा।
यात्रा हेतु उपरोक्त समिति यात्रियों का चयन कम्प्यूटराईज्ड लॉटरी से 23 मई को दोपहर 3 बजे सम्पन्न कर अपना प्रतिवेदन नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जिला पंचायत को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। कार्य में पारदर्शिता हेतु समिति का गठन किया गया है |