
मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के चुनाव हाल ही में 12 मई 2026 को संपन्न हुए। लगभग एक माह बाद 16 जून 2026 से मत गणना शुरू हुई है। स्टेट बार काउंसिल द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार 3 जुलाई 2026 तक 25020 वोटों की गिनती की जा चुकी है। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के 23 सदस्यों के चुनाव के लिए यह मतगणना की जा रही है। इस चुनाव में एक मतदाता 23 वरीयता क्रम के लिए मतदान कर सकता है। अभी प्रथम वरीयता के लिए मतगणना की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी इन्दौर जिले की पेटियों की गिनती की जा रही है। इन्दौर जिले की 3 पेटियाँ खोली जा चुकी हैं। इन्दौर के राकेश सिंह भदौरिया मतगणना में सबसे आगे चल रहे हैं। उन्हें अभी तक प्रथम वरीयता के 1636 मत प्राप्त हुए हैं। वे अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से 600 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। ग्वालियर के गौरव मिश्रा 1005 वोटों के साथ 2 स्थान पर काबिज हैं। वहीं ग्वालियर के जितेन्द्र कुमार शर्मा 876 वोटों के साथ तीसरे, भोपाल के डॉ. विजय कुमार चौधरी 853 वोटों के साथ चौथे और इन्दौर के हितोशी जय हार्डिया 846 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर चल रहे हैं।
स्टेट बार काउंसिल के वर्ष 2026 के चुनाव में 23 में से 5 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, वहीं 18 सदस्य पुरुष चुने जायेंगे। महिलाओं में ग्वालियर की प्रतीका पाठक 343 वोटों के साथ प्रथम स्थान पर चल रही हैं। 131 वोटों के साथ सिंगरौली की अन्नू पटेल दूसरे, भोपाल से राजकुमारी शर्मा 90 वोटों के साथ तीसरे, इन्दौर से प्रीती राजेंद्र तिवारी 83 वोटों के साथ चौथे और इन्दौर की प्रतिभा वालिया 82 वोटों के साथ पांचवे स्थान पर चल रही हैं।
इस वर्ष के चुनाव में 24 महिलाएँ एवं 98 पुरुष प्रत्याशी खड़े हुए हैं। 5 सीटों के लिए 24 महिला और 18 सीटों के लिए 98 पुरुष प्रत्याशियों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में 60,000 से अधिक वकीलों ने मतदान किया है। अभी प्रथम वरीयता की मतगणना चल रही है, जिसमें 35,000 से अधिक वोटों की गिनती बाकी है।