top of page

इन्दौर में मेट्रो का हुआ सफल ट्रायल रन

30 Sept 2023

मेट्रो ट्रेन अब उज्जैन और पीथमपुर तक भी चलायी जायेगी

इंदौर(शैलेंद्र कश्यप)| आज लोक परिवहन सेवा के क्षेत्र में इंदौर सहित पूरे प्रदेश में के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखा गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन ट्रायल ट्रेन का फ्लैग ऑफ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पादपूजन कर किया गया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, इंदौर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। इंदौर में 7500 करोड़ रुपए की लागत से विश्व स्तरीय इंदौर मेट्रो ट्रेन परियोजना का निर्माण पूर्ण होने से नागरिकों को तेज, सुरक्षित, आधुनिक और आरामदेह सफर की सुविधा उपलब्ध होगी। इस सेवा से 7 लाख यात्री प्रतिदिन यात्रा कर सकेंगे। हर मेट्रो ट्रेन में तीन कोच होंगे। इंदौर में कुल 25 मेट्रो ट्रेन संचालित की जाएगी। इन मेट्रो ट्रेनों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी।



इंदौर के इतिहास में लिखा गया आज एक नया स्वर्णिम अध्याय


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इंदौर में एक नया दौर प्रारंभ हो रहा है। इंदौर मेरे सपनों का शहर है, इंदौर स्वच्छतम शहर है, इंदौर स्मार्ट शहर है, इंदौर आईटी सिटी है, इंदौर हाईटेक सिटी है। इंदौर ने टेम्पो से लेकर मेट्रो तक का सफर तय किया है। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के एमडी मनीष सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेट्रो की टीम ने युद्ध स्तर पर कार्य किया है, इसलिये मेट्रो की पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि मेट्रो में साफ और स्वच्छ वातावरण में लोग यात्रा कर सकेंगे और बहुत ही कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसमें हर वर्ग के लोग यात्रा कर सकेंगे। मेट्रो से यात्रा करना सस्ता और सुलभ है। उन्होंने उपस्थित जनों से अपील की कि मेट्रो ट्रेन का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि आगामी 2028 के सिंहस्थ में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन करने मेट्रो ट्रेन से उज्जैन जायें। मेट्रो ट्रेन का विस्तार उज्जैन तक किया जायेगा। साथ ही पीथमपुर तक भी मेट्रो चलायी जायेगी। इसके लिये सर्वे का कार्य भी पूर्ण हो गया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इंदौर में मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी बनाई जायेगी। इससे इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों का समन्वित विकास होगा। उन्होंने कहा कि गांधीनगर में रजिस्ट्री पर लगी बेन को हटाने की प्रक्रिया तेज की जायेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेट्रो कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों और इंजीनियरों का सम्मान भी किया।


इंदौर ने टेम्पो से लेकर मेट्रो तक का सफर तय किया


इंदौर में आज एक नया इतिहास लिखा गया है। इंदौर के लोक परिवहन सेवा की रफ्तार तेज हुई है। इंदौर की लोक परिवहन सेवा ने टेम्पो से लेकर आज मेट्रो ट्रेन तक का सफर तय किया है। आज हम धीमी रफ्तार से तेज रफ्तार की ओर आगे बढ़े हैं। मेट्रो का सपना साकार हुआ है। इंदौर में सबसे तेज गति से मेट्रो का काम चल रहा है। इंदौर की मेट्रो सुरक्षा की दृष्टि से देश में सबसे बेहतर है। मेट्रो के एमडी श्री मनीष सिंह ने मेट्रो ट्रेन का मॉडल भेंट कर मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया।


बताया गया कि मेट्रो के कोच वातानुकूलित रहेंगे। दिव्यांग व्यक्तियों के लिये भी उचित स्थान रहेगा। मेट्रो ट्रेन के प्रत्येक कोच में 50 लोगों के बैठने और 300 लोगों के खड़े होने का स्थान रहेगा। लगभग 31 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में यह मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। इसमें 28 स्टेशन होंगे। जिसमें से 7 भूमिगत और 21 एलिवेटेड स्टेशन रहेंगे। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड पर स्वचालित टिकटिंग की व्यवस्था होगी। दरवाजे भी स्वचालित रहेंगे। यात्री सूचना प्रदर्शन प्रणाली रहेगी। ग्रेब हेण्डल की लिफ्ट, एस्केलेटर, कस्टमर केयर सेंटर, हिंदी इंग्लिश में अनाउंसमेंट, दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर, अन्य सार्वजनिक सुविधाएं आदि रहेगी। ट्रेन में आपातकालीन संपर्क एवं आपातकालीन द्वार की व्यवस्था भी होगी। बिजली की खपत को कम करने के लिए स्टेशन और डिपो पर सौर ऊर्जा की व्यवस्था की जा रही है। इस ट्रेन का संचालन मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने मेट्रो ट्रेन में सफर कर लिया व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा


मुख्यमंत्री चौहान ने आज फ्लैग ऑफ के पश्चात मेट्रो की सवारी की। उन्होंने मेट्रो ट्रेन में बैठकर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण तथा शहर के अन्य गणमान्य नागरिक भी उनके साथ थे। उन्होंने भी सफर किया। यह मेट्रो ट्रेन गाँधी नगर स्थित स्टेशन से प्रारंभ होकर सुपर कॉरिडोर पर ही बने अगले स्टेशन पर पहुंची। यहां मुख्यमंत्री उतरे और नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। इंदौर शहर के नागरिकों ने भी मेट्रो ट्रेन के सपने का साकार होते देख अपनी खुशियां व्यक्त की।


इतिहास के साक्षी बने समाज के हर वर्ग


इंदौर में लिखे गए इस इतिहास के साक्षी बनने के लिए आज समाज के हर वर्ग के लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मेट्रो ट्रायल रन का फ्लैग ऑफ करने के बाद मेट्रो में जनप्रतिनिधियों तथा अन्य प्रबुद्धजनों के साथ यात्रा भी की। कार्यक्रम में नागरिकों में अपार उमंग देखा गया। हजारों की संख्या में लोग विशेष महिलाएं इस इतिहास के साक्षी बनने के लिये मौजूद थे।


ये भी पढ़ें -



bottom of page