
24 May 2023
कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम से की चर्चा
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | शहर मेे जलापूर्ति के मुख्य केन्द्र गंभीर डेम के गहरीकरण के लिए महापौर मुकेश टटवाल ने कमर कस ली है | इस मुद्दे पर आज उन्होंने जिला कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम से चर्चा की। शीघ्र ही जनसहयोग से गंभीर डेम की गाद सफाई एवं गहरीकरण कार्य प्रारंभ होगा।
महापौर जी ने बताया कि शहर में पेयजल प्रदाय व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सन् 1991 में गंभीर डेम का निर्माण किया गया था, जिसकी जलसंग्रहण क्षमता 2250 एमसीएफटी है | वर्तमान में प्राकृतिक कारणों से इसकी जलसंग्रहण क्षमता में कमी आई है। आज के परिदृश्य में शहर की जनसंख्या को देखते हुए गंभीर डेम की जलसंग्रहण क्षमता बढ़ाना अति आवश्यक है। गंभीर डेम की गाद सफाई एवं गहरीकरण कार्य जनसहयोग से किया जाएगा जिसमें पंचायतो, समाजसेवी संगठनों, किसानों आदि का सहयोग लिया जाएगा | विशेषकर प्रजापत समाज द्वारा इस कार्य में अपने संसाधनों का उपयोग करते हुए सहयोग किया जाएगा। महापौर मुकेश टटवाल ने नगर वासियों एवं क्षेत्रीय ग्रामीण पंचायतों से अपील की है कि गंभीर डेम के गहरीकरण कार्य में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें।