
19 Jun 2023
ब्रिज निर्माण की सामग्री चोरी
उज्जैन। 2 दिन पहले शादी में गये परिवार को रविवार सुबह पडोसियों ने मकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। परिवार लौटकर आया और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। मामले में शिकायती आवेदन पर जांच शुरू की गई है।
आगररोड पर मित्रनगर में रहने वाले जाकिर शाह का परिवार 16 जून को रिश्तेदारी में शादी होने पर तराना गया था। रविवार सुबह आसपास के रहने वालों ने उसके मकान का ताला टूटा देखा तो जाकिर को सूचना दी। तराना से पत्नी रानू बी के साथ जाकिर लौटा तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पडा था, अलमारी खुली हुई थी, चोरी की सूचना चिमनगंज थाना पहुंचकर की गई। पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू की है। जाकिर के अनुसार चोरों ने ताला तोडकर करीब एक से डेढ लाख रूपये का सामान चोरी किया है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कैमरे नहीं लगे है। जिसके चलते वारदात का सुराग नहीं मिल पाया है।
--------------------------------------------
दरवाजा खुला देख चोरी किये मोबाइल
--------------------------------------------
नीलगंगा थाना क्षेत्र की मंछामन कालोनी में रविवार सुबह 9 बजे के लगभग मयंक पिता दीपक भौंसले के मकान का दरवाजा खुला देख अज्ञात बदमाश अंदर आया और वहां रखे 2 मोबाइल वीवो क पनी और रियम मी के साथ पर्स चोरी कर भाग निकला। घर में किसी के आने की आहट सुनाई देने पर मयंक अंदर कमरे से हॉल में आया तो बदमाश भागता दिखाई दिया। जिसे पकडने का प्रयास किया गया, लेकिन हाथ नहीं लग पाया। मयंक के अनुसार पर्स में 5 हजार रूपये रखे थे। 2 मोबाइल की कीमत 30 हजार रूपये है। पुलिस मामला दर्ज कर मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
---------------------------------
ब्रिज निर्माण की सामग्री चोरी
---------------------------------
चिंतामण थाना क्षेत्र के ग्राम नलवा में गंभीर नदी के पास ब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है। रात में आंधी चलने पर लेबर ठेकेदार कमल पिता दौलत मीणा अपने घर सुरासा आगररोड आ गया था। रविवार सुबह निर्माण स्थल पहुंचने पर सामने आया कि रात में अज्ञात बदमाश ब्रिज निर्माण में लगने वाली लोहे की 17 ब्रेकिट प्लेट और अन्य प्लेट कीमत 17 हजार रूपये चुराकर ले गये है। लेबर ठेकेदार की शिकायत पर चिंतामण पुलिस ने मामला दर्ज किया है।