क्रिकेटर विराट कोहली और कुलदीप यादव महाकालेश्वर की भस्म आरती में हुए शामिल, श्रद्धा से लगाया ध्यान

उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और स्पिनर कुलदीप यादव ने शनिवार तड़के उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकालेश्वर के प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए।
दोनों खिलाड़ी सुबह-सुबह महाकाल मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने पारंपरिक विधि से आरती में भाग लिया और नंदी हाल में बैठकर शांत वातावरण में ध्यान लगाकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। मंदिर परिसर में खिलाड़ियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों ने शांतिपूर्वक भगवान महाकाल के दर्शन किए। विराट और कुलदीप दोनों ने भगवान के समक्ष कुछ देर मौन साधना की और उज्जैन की इस दिव्य परंपरा का अनुभव लिया।
दर्शन उपरांत महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से अपर कलेक्टर एवं प्रशासक प्रथम कौशिक तथा सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने दोनों खिलाड़ियों का शाल व प्रसाद देकर सम्मान किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें उज्जैन आगमन और महाकालेश्वर दर्शन के लिए धन्यवाद भी दिया। दोनों खिलाड़ियों के मंदिर आगमन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।