संभागायुक्त आशीष सिह ने भाटखेडी बुजुर्ग में किया पशुपालकों से संवाद

उज्जैन। संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिह ने शुक्रवार को शाम को मनासा क्षेत्र के प्रवास दौरान गांव भाटखेडी बुजुर्ग में क्षीर धारा ग्राम योजना के तहत आयोजित शिविर में पशुपालकों से संवाद किया। इस मौके पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, सरपंच मनोज पुरोहित एवं अन्य अधिकारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।
संभागायुक्त सिह ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम भाटखेडी में पशुओं में सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान कार्य के लिए एक प्रशिक्षित मैत्री को तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होने गांव में पशुपालकों की संख्या, दुग्ध उत्पादन एवं दुग्ध समिति सदस्यों की संख्या, आदि के बारे में जानकारी ली। पशुपालकों ने संभागायुक्त को अवगत कराया, कि भाटखेडी में 227 पशुपालकों के केसीसी बने है और 74 लाख का ऋण मिला है। जिले में 10 हजार से अधिक पशुपालकों के केसीसी बने है। भाटखेडी गांव से एक साल में 1.50 करोड की राशि का दूध विक्रय होता है।
पशुपालकों से संवाद में दयाल पाटीदार, अर्जुन पाटीदार, विनोद पाटीदार एवं अन्य पशुपालकों ने भी अपने सुझाव दिए और अपनी विभिन्न मांगों से संभागायुक्त को अवगत कराया। संभागायुक्त ने गांव में उन्नत पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन कार्य की सराहना की। उप संचालक पशुपालन डॉ.राजेश पाटीदार ने जिले में जिला प्रशासन द्वारा पशुपालन को बढावा देने और पशुओं में नस्ल सुधार तथा पशुपालकों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के कार्य तथा दुग्ध समृद्धि अभियान की प्रगति से अवगत करया।