मंदसौर की ज्योति बाला सोनी ने माय भारत पोर्टल की वंदे मातरम प्रतियोगिता में 27 वां स्थान प्राप्त किया

उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन परिक्षेत्र के अंतर्गत मंदसौर की छात्रा सुश्री ज्योतिबाला सोनी ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रौशन किया है। भारत सरकार के माय भारत पोर्टल द्वारा आयोजित Republic Day 2026 “वंदे मातरम्” गायन प्रतियोगिता में देशभर से चयनित प्रतिभागियों में टॉप–200 में 27वाँ स्थान प्राप्त किया । इस उपलब्धि के साथ वे मध्यप्रदेश सूची में शीर्ष स्थान पर रहीं। उल्लेखनीय है कि सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिक्षेत्र से चयनित होने वाली वे एकमात्र प्रतिभागी हैं।
सुश्री ज्योति बाला सोनी राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) की सक्रिय स्वयंसेविका हैं। वे पूर्व में राष्ट्रीय साहसिक शिविर, पोंग डैम (हिमाचल प्रदेश) में भी सहभागिता कर चुकी हैं। इस चयन से वह गणतंत्र दिवस परेड 2026 की साक्षी बनेंगी।
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा एवं कार्य परिषद के वरिष्ठ सदस्य राजेश सिंह कुशवाह द्वारा सुश्री ज्योति बाला सोनी को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. शेखर मैदमवार,ओपन इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रमन सिंह सोलंकी एवं डॉ. अजय शर्मा ने छात्रा को हार्दिक बधाई देते हुए इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना दोनों के लिए प्रेरणादायी बताया।