विकास के हाईवे पर मध्यप्रदेश सबसे आगे : केन्द्रीय सड़क मंत्री गडकरी

केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा है कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हमारे लिए सिर्फ स्वप्न नहीं, एक संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरा देश एकजुट और एकमत होकर काम कर रहा है। हम सब मिलकर 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाएंगे। देश के समग्र विकास के इस महायज्ञ में सबसे बड़ी आहुति मध्यप्रदेश की ही होगी। केन्द्रीय सड़क मंत्री श्री गडकरी शनिवार को विदिशा में आयोजित विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व और समर्पित सरकार से कदमताल कर हम मध्यप्रदेश को एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न राज्य बनाएंगे। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के विकास को और गति देने के लिए विदिशा में 4400 करोड़ रुपए की लागत से 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया।
केन्द्रीय सड़क मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में सबसे अग्रणी राज्य है। यहां का बासमती चावल और शरबती गेहूं विश्व प्रसिद्ध है। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान अन्नदाता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता, हवाई ईंधनदाता और डामरदाता भी बनाना हमारा लक्ष्य है। नागपुर में किसान एथेनॉल का उत्पादन कर रहे हैं। भारत 22 लाख करोड़ रुपए का तेल आयात करता है। भोपाल एयरपोर्ट पर आज इलेक्ट्रिक कार देखकर मुझे प्रसन्नता हुई। देश में अब हाइड्रोजन कार पर कार्य किया जा रहा है।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री गडकरी की महत्वपूर्ण घोषणाएं
केंद्रीय सड़क मंत्री श्री गडकरी ने विदिशा में मध्यप्रदेश को विभिन्न सड़क परियोजनाएं देने की घोषणा करते हुए कहा कि -
16 हजार करोड़ रुपए लागत का सागर-विदिशा-कोटा तक नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा। इससे सागर से कोटा के बीच की दूरी 75 किमी तक कम हो जाएगी।
नसरुल्लागंज (भैरूंदा)-बुधनी रोड को 4 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश में अलग-अलग 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भी जरूरत के अनुसार और भी राशि मंजूर की जाएगी।
विदिशा में 4 हजार करोड़ रुपए लागत से उत्तरी बायपास बनाया जाएगा।
40 हजार करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर-भोपाल-नागपुर को जल्द मंजूरी मिलेगी, जो आगे जाकर हैदराबाद को भी कनेक्ट करेगा।
सिंहस्थ के लिए उज्जैन-झालावाड़ 2500 करोड़ रुपए की लागत से हाईवे सहित अन्य रोड भी बनाए जाएंगे।
सीआरएफ योजना में मध्यप्रदेश को सड़क विकास कार्यों के लिए 1600 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसमें से 400 करोड़ रुपए विदिशा लोकसभा संसदीय क्षेत्र के लिए होंगे।
प्रदेश को 5 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर की सौगात मिली है। 20 अन्य ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर्स के प्रस्तावों को भी जल्द ही मंजूरी देंगे।
अटल एक्सप्रेस-वे से जुड़े सभी विकास कार्यों को भी मंजूरी देंगे।
गोपालपुर से भैरुंदा तक सड़क मार्ग को भूमि अधिग्रहण के बाद व्हाइट टॉपिंग क्रॉन्क्रीट से निर्मित किया जाएगा।
मध्यप्रदेश को मिली ये भी सौगातें
केन्द्रीय सड़क मंत्री श्री गडकरी ने विदिशा में 4,400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियाजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की लंबाई 181 किलोमीटर है, जो मध्य भारत एवं बुंदेलखंड क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती प्रदान करेंगी और प्रदेश के सड़क एवं परिवहन अवसंरचना विकास की दिशा में एक ओर ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से भोपाल–विदिशा–सागर–राहतगढ़–ब्यावरा सहित प्रमुख औद्योगिक, कृषि एवं पर्यटन मार्गों पर यातायात सुगम होगा। ये केंद्र सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार विकसित करने तथा युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भोपाल-विदिशा खंड, विदिशा-ग्यारसपुर खंड, ग्यारसपुर-राहतगढ़ खंड के 4 लेन चौड़ीकरण से कनेक्टिविटी मजबूत और लॉजिस्टिक गतिविधियाँ सशक्त होंगी। सागर वेस्टर्न बॉयपास (ग्रीनफील्ड) 4 लेन निर्माण से शहरी ट्रैफिक दबाव कम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी और लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ेगी।
तीन ड्राइविंग प्रशिक्षण सेंटर की रखी जा रही है आधारशिला
विदिशा में एक और सागर में दो ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का भूमि-पूजन किया गया। विदिशा में 2 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से डीटीसी का शिलान्यास किया गया। इससे ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता और एक्सीडेंट में कमी लाने में मदद मिलेगी।
477 करोड़ की लागत से 39 किमी लंबी 2 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान 417 करोड़ से अधिक की लागत से रातापानी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में ओबेदुल्लागंज-इटारसी सेक्शन में 4 लेन सड़क का लोकार्पण भी किया गया। इससे बैतूल से नागपुर तक सड़क चौड़ी होने से ट्रैफिक सुचारू होगा, ईंधन बचेगा और प्रदूषण कम होगा, हादसों में कमी आएगी, मानव-वन्यजीव संघर्ष घटेगा, और ट्रैफिक सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण होगा। 59 करोड़ से अधिक की लागत से देहगांव से बम्होरी के 27 किमी लंबे मार्ग के लोकार्पण से किसानों और आमजन को सहज आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।