top of page

रायसेन में बनेगा मेडिकल कॉलेज, सभी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कराएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Placeholder Image

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदिशा को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विदेश मंत्री स्व. श्रीमती सुषमा स्वराज का आशीर्वाद भी मिला है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को लगातार विकास की अनेक सौगातें मिल रही हैं। विदिशा की धरती में अद्भुत आकर्षण है। यह उज्जैन के समान पावन धरती है। हर काल में यहां के वीरों ने अपनी अलग पहचान बनाई। सम्राट अशोक के कार्यकाल में यहां सांची स्तूप का निर्माण हुआ। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिल्ली में बैठक के दौरान मध्यप्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपए की राजमार्ग विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। केंद्रीय मंत्री गड़करी अपने प्रण के पक्के हैं, उन्होंने मुंबई में समुद्र के ऊपर पुल बनवा दिया है। मध्यप्रदेश के सिंगरौली में पहाड़ के बीच से रोड निकल रहा है। देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना के तरह-तरह के काम जारी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास का महापर्व मना रहा है। विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए महायज्ञ चल रहा है। विकास के मामले में हम कोई कमी नहीं रहने देंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री गडकरी से आत्मीयतापूर्वक मांग करते हुए कहा कि आगरा-ग्वालियर-भोपाल-नागपुर तक 500 किलोमीटर से अधिक दूरी का एक नया नेशनल हाईवे (ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे) बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए की मांग केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी से की, जिसे केंद्रीय मंत्री ने तत्काल मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा, इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कर दी जाएंगी।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को मिलीं 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं यहां क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, आवागमन की सुगमता और आर्थिक प्रगति को एक नई गति प्रदान करेंगी। मध्यप्रदेश देश के मध्य में है, इसलिए केंद्र सरकार को किसी भी राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए मध्यप्रदेश की धरती पर आना ही पड़ेगा। मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है, इसके विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया केंद्र सरकार के सहयोग से हम मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाकर रहेंगे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page