कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने यूनिटी मॉल का निरीक्षण किया

उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शनिवार को इंदौर रोड़ पर निर्माणाधीन प्रधानमंत्री एकता मॉल (यूनिटी मॉल) का निरीक्षण किया। कलेक्टर सिंह ने इस दौरान मॉल के निर्माण की स्थिति देखने के साथ ही कार्यो की प्रगति की जानकारी भी ली। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से प्रदेश में केवल उज्जैन में यूनिटी मॉल की सौगात मिली है।
इंदौर रोड़ पर निर्माणाधीन प्रधानमंत्री एकता मॉल (यूनिटी मॉल) का मौके पर निरीक्षण करते हुए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निर्माण कार्य की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि मॉल का निर्माण चार स्तर पर किया जा रहा है। मॉल की लागत 283.71 करोड़ रूपए है। मॉल का निर्माण बेसमेंट सहित पांच मंजिल पर 3.20 हेक्टेयर पर किया जा रहा है। इसके तहत यूनिटी मॉल का क्षेत्रफल 38,506 वर्ग मीटर है। इसमें एकात्म लोक (सम्मेलन केंद्र) का क्षेत्रफल 10,980 वर्गमीटर और भवन की उंचाई 30 मीटर है। मॉल में शोरूम, दुकानें, कियोस्क, मध्यप्रदेश पविलियन, तकनीकी लोक, खाद्य दुकानें, रेस्टोरेंट, गेम जोन की सुविधा के साथ ही मल्टीप्लेक्स 1550 वर्ग मीटर और सम्मेलन हॉल 1820 वर्ग मीटर का रहेगा। हॉल में करीब 1250 व्यक्ति बैठ सकेंगे। वहीं आवास के लिए 44 कमरें और डॉरमेटरी रहेगी।
इसी तरह बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था भी रहेगी। कलेक्टर सिंह ने यूनिटी मॉल की अंतिम मंजिल तक जाकर निरीक्षण कर जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अप्रैल 2024 से प्रारंभ हुआ है इसे जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक प्रदेश में एक प्रधानमंत्री एकता मॉल (यूनिटी मॉल) का निर्माण केंद्र शासन के माध्यम से किया जा रहा है।