top of page

कलेक्‍टर सिंह ने सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यो की समीक्षा बैठक ली

Placeholder Image

उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शनिवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागृह में आगामी सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे अधोसंरचना विकास के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास प्राधिकरण व नगर निगम के प्रस्तावित व प्रचलित कार्यो की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर सिंह ने प्रचलित सभी कार्यो को समय पर पूर्ण करने और गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।


विकास प्राधिकरण के कार्यो की समीक्षा के दौरान विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि उजड़खेड़ा-शंकराचार्य मार्ग का कार्य प्रगतिरत है। इस मार्ग को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह वीर सावरकर से खाक चौक और अंकपात तक के मार्ग में कार्य प्रगति पर है। महाराजवाड़ा की रिटेनिंग वॉल तैयार है।


कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि महाकाल मंदिर के समीप बनने वाले मार्ग का कार्य जल्दी प्रारंभ कराएं। आने वाले दिनों में महाशिवरात्रि का पर्व भी है। पर्व को देखते हुए कार्य में गति लाई जाए। बैठक में बताया गया कि गऊघाट से कर्कराज वाले मार्ग में रेलवे का अंडरपास बनाया जाना प्रस्तावित है। इसी तरह गाड़ी अड्डा से बड़ा पुल तक के मार्ग में दोनों ओर नाली निर्माण प्रारंभ हो गया है। हामूखेड़ी मार्ग पर करीब 400 मीटर तक नाली निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है।


कलेक्टर सिंह ने नगर निगम के प्रचलित व प्रस्तावित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए । इसी तरह स्मार्ट सिटी के माध्यम से किए जा रहे कार्यो को लेकर भी कलेक्टर सिंह ने कहा कि सभी निर्माण एजेंसी कार्य स्थल पर अपने साइट इंजिनियर तैनात रखें, जिससे कार्य के दौरान यदि कोई समस्‍या आती है तो उसका निराकरण हो सके और कार्य भी समय सीमा में पूर्ण कराए जा सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page