ओपीडी से लेकर पर्ची काउंटर तक चरक अस्पताल में मरीजों की भीड़

उज्जैन। चरक अस्पताल में ओपीडी से लेकर पर्ची काउंटर तक भीड़ लगी रहती है। इतना ही नहीं यहां टीबी के मरीजों के उपचार और जांच के लिए भी पर्याप्त स्थान नहीं है।
टीबी के मरीजों के लिए भी अलग व्यवस्था नहीं
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में सर्दी के मौसम में मौसमी बिमारियों के मरीज अधिक आ रहे हैं। इसके कारण चरक अस्पताल की ओपीडी और पर्ची काउंटर सहित लिफ्ट के आगे मरीजों की लाईनें लग रही है। यहां हर विभाग की ओपीडी में ठीक से उपचार करने तथा चिकित्सकों के बैठने तक की जगह कम पडऩे लगी है। यहां पर चरक अस्पताल में टीबी के मरीजों की जांच और दवाई वितरण की व्यवस्था भी एक कक्ष में की गई है। इस कारण भी स्टाफ और मरीजों को परेशानी हो रही है। यही हाल ऊपरी वार्डों में जाने के लिए लगाई गई लिफ्ट का है। यहां लगी चारों लिफ्ट के आगे हमेशा मरीजों और परिजनों की आवागमन के लिए भीड़ लगी रहती है। आज सुबह भी यहां ऐसी स्थिति बनी हुई थी।