top of page

उज्जैन गढ़ रहा है विकास के नए कीर्तिमान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Placeholder Image

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि देश में मध्य प्रदेश सर्वाधिक तेज गति से प्रगति करने वाला राज्य बन गया है। प्रदेश शासन के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों के फल स्वरुप बेरोजगारी की सबसे कम दर मध्य प्रदेश में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।


उज्जैन मे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन लोकार्पण करते हुए कहा कि उज्जैन शहर विकास के नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। उज्जैन में आईटी पार्क, मेडिसिटी स्मार्ट सिटी, मेट्रोसिटी, नवीन औद्योगिक क्षेत्र निर्मित हो रहे हैं। खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। धार्मिक शहर उज्जैन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नियोजित ढंग से समस्त सुविधाएं निर्मित की जा रही है।


मुख्यमंत्री ने शहर के हरिफाटक ब्रिज क्षेत्र में 760 करोड़ 78 लाख रुपए लागत के विभिन्न 15 निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया।


इनमें 371.11 करोड रुपए लागत का उज्जैन हरी फाटक सिक्स लेन रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का भूमि पूजन सम्मिलित है। इसके निर्माण से इंदौर से लेकर महाकाल मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं को सीधे बेहतर एवं सुलभ रूप से पहुंच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेडा, महापौर मुकेश टटवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर, राजेश धाकड़, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, डॉ. प्रभुलाल जाटवा, संजय अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, राकेश यादव, प्रकाश शर्मा, ओम जैन आदि उपस्थित रहे।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवजात बच्चों के स्वास्थ्य के लक्ष्य को समर्पित मिशन कोमल स्पर्श का भी रिमोट द्वारा शुभारंभ किया।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरी फाटक ब्रिज पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उज्जैन शहर में लगातार विकास के कार्य हो रहे हैं। एक के बाद एक नई-नई सौगातें शहर को मिल रही है। आगामी सिंहस्थ को देखते हुए समस्त कार्य किए जा रहे हैं। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। घाटों का नए सिरे से निर्माण के साथ ही श्रद्धालुओं को घाट के अलावा अन्य स्थानों पर भी शिप्रा नदी स्नान का लाभ मिल सके, ऐसे प्रबंध किए गए हैं। उज्जैन शहर में वायु मार्ग, सड़क मार्ग, रेल मार्ग सभी ओर से श्रद्धालुओं का बड़ी संख्या में आवागमन हो रहा है। इसके दृष्टिगत शहर के चारों ओर फोर लेन निर्माण प्रावधानित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के व्यापार व्यवसाय के विस्तार हेतु मुख्य बाजारों के अलावा अन्य स्थानों पर भी बाजारों के निर्माण हेतु भूमि प्रावधानित की जा रही है,


जिससे बाहर से आने वाले उद्योगपति, व्यापारियों को कठिनाई नहीं होगी। शहर में पुलिस कर्मियों के लिए 232.73 करोड़ रुपए लागत के 836 आवासों का निर्माण किया जाएगा। उज्जैन् मे महाकाल भक्त निवास का भी निर्माण हो रहा हैl


श्रद्धालुओं को शहर की होटल, धर्मशालाओं में अब ज्यादा संख्या में ठहरने के लिए स्थान मिल पाएगा।


शहर में युवाओं के खेल सुविधा हेतु 36 करोड़ रुपए की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की सुविधा प्रावधानित की गई है।


हरी फाटक ब्रिज के पास 93 करोड रुपए लागत से अंडरपास बनाया जा रहा है जिससे महाकाल मंदिर तक सीधे पहुंचा जा सकेगा। शहर के चौमुखी विकास के अंतर्गत स्विमिंग पूल निर्मित हो रहे हैं। मंडी के सामने कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। अब उज्जैन का समृद्ध स्वरूप उभर कर सामने आ रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन शहर सभी क्षेत्रों में समान गति से विकास कर रहा है। धार्मिक स्थानों के विकास कार्य योजनाबद्ध ढंग से जा रहे हैं। आगामी सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत उज्जैन शहर में विभिन्न स्थानों से लोगों के आवागमन हेतु सभी ओर से रेल की व्यापक सुविधाएं मिलने जा रही हैं।


कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल तथा पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने भी संबोधित किया। इस मौके पर एचडीएफसी बैंक द्वारा उज्जैन जिले के 51 शासकीय स्कूलों में मॉडल क्लास निर्माण के लक्ष्य को समर्पित संकल्प पत्र मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page