
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड/एसडीईआरएफ संतोष कुमार जाट ने जानकारी दी कि शुक्रवार को अमावस्या के पर्व पर रामघाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु मोक्षदायिनी शिप्रा नदी में स्नान करने के लिये आये। सुबह सिद्धाश्रम घाट पर महाराष्ट्र से आये श्रद्धालु नदी में स्नान कर रहे थे। स्नान करते समय एकाएक गहरे पानी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद होमगार्ड जवान रशीद खान और घनश्याम ने तत्परता दिखाते हुए डूब रहे युवक को पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल भेजा। जहां उसे उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज कर दिया गया। इसी प्रकार सैनिक रशीद खान और ईश्वर चौधरी ने इन्दौर के युवक संजय को डूबने से बचाया और साथ ही राजस्थान से आये युवक शिवराम के गहरे पानी में चले जाने से एसडीईआरएफ सैनिक सुभाष नवरंग ने लाईफबॉय की मदद से शिवराम को सुरक्षित बाहर निकाला।
जवानों द्वारा किये गये उत्कृष्ट बचाव कार्य के लिये डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री जाट ने समस्त टीम को पुरस्कृत किया। साथ ही आगामी पर्व और त्यौहारों पर और अधिक सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिये। जिला सैनानी द्वारा बताया गया कि वर्तमान में सम्पूर्ण मध्य प्रदेश से आये एसडीईआरएफ के 165 जवान भी आपदा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जो आगामी वर्षा ऋतु में अपनी सेवाएं प्रदेश के विभिन्न जिलों में बाढ़ राहत और बचाव कार्य में देंगे।