top of page

शाजापुर पहुंची कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा, खचाखच भर गया सभास्थल

29 Sept 2023

वोट नहीं माफी मांगे शिवराज: जीतू पटवारी

शाजापुर। मैने किसानों के पक्ष में आवाज उठाई तो मुझे दोषी करार दे दिया गया। इनके विरोध में कुछ मत कहो नहीं तो आप देशद्रोही हो जाएंगे। लेकिन हक की आवाज उठाना कोई गुनाह नही है और प्रदेश की जनता इनकी सच्चाई जान चुकी है। हम लोग भारी बहुमत से इस बार प्रदेश में सरकार बनाएंगे। शिवराज जी अब आप वोट नहीं लोगों से माफी मांगिए।


यह बात पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने शाजापुर पहुंची जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उज्जैन में हुई बलात्कार की घटना से प्रदेश शर्मसार है। मुख्यमंत्री इस पर मनगढ़ंत बयान देते हैं। श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश के आर्थिक हालात पूरी तरह से चरमरा गए हैं औ हालात ये हो गए हैं कि 3000 करोड रुपए हर महीने सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है। प्रदेश में 1 करोड़ रेवेन्यू इकट्ठा होता है और उस पर 3 लाख करोड़ का कर्ज सरकार लेती है। जिसको लेकर लोग अब आक्रोशित हैं और भाजपा को जवाब देने को बेताब हैं जो इस चुनाव में भाजपा को जनता से जवाब जरूर मिलेगा वह अपना आक्रोश आने वाले चुनाव में जताएगी। वहीं उन्होंने कहा कि अब शिवराज जी को जाना होगा और कांग्रेस और कमलनाथ जी को आना होगा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक हुकुमसिंह कराड़ा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्रसिंह बंटी बना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेसी और ग्रामीण


जैसे ही पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के आने की सूचना लगी कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्रसिंह बंटी बना के घर लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। जिन्होंने जीतू पटवारी का पुष्पहारों से भव्य स्वागत किया। वहीं जीतू पटवारी ने भी सभी कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का भी अभिनंदन कर अपने हाथों से सभी पर फूल बरसाए। इसके बाद कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा दुपाड़ा के लिए रवाना हो गई।



दुपाड़ा में भी भरी हुंकार


दुपाड़ा में भी जन आक्रोश यात्रा पहुंची जहां आमसभा का आयोजन किया गया। जिसे संबोधित करते हुए श्री पटवारी ने कहा कि कमलनाथ सरकार के 15 माह के कार्यकाल में कमलनाथ जी ने अपने किए वादे निभाए थे और इस बार भी वे पांच वचन निभाएंगे। आमसभा को संबोधित करते हुए विधायक हुकुमसिंह कराड़ा ने कहा कि भाजपा वाले कई बरगलाने वाली बातें करेंगे वे आपको बहकाएंगे। लेकिन सच क्या है आज सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार थी तभी नर्मदा का प्रोजेक्ट शुरू हो गया था और इससे पूरे शाजापुर विधानसभा क्षेत्र की 3 लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। साथ ही नगर में भी पीने के भरपूर पानी उपलब्ध होगा। साथ ही जो कमलनाथ जी ने पांच वचन दिए हैं उन्हें भी निभाया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्रसिंह बंटी बना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा वो कभी नहीं किया। आज सभी लोग महंगाई से त्रस्त हैं और परेशान हैं। जबकि कांग्रेस ने जो कहा है वो हमेशा किया है। कांग्रेस के राज में हर वर्ग खुशहाल रहा है। यह जनाक्रोश यात्रा हमारी नहीं बल्कि आप लोगों की यात्रा है और आज आप सब की उपस्थिति यह बता रही है कि कांग्रेस के साथ आपको आशीर्वाद है और हम इस बार सरकार अवश्य बनाएंगे। इस अवसर पर विक्रांत भूरिया, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुलदीप इंदौरा, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीवी श्रीनिवास भी उपस्थित थे।


कालापीपल के पोलायकला आएंगे राहुल गांधी


विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जिले के कालापीपल विधानसभा के पोलायकला में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। जहां वे जनाक्रोश यात्रा के दौरान होने वाली आमसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व मंत्री श्री पटवारी ने बताया कि कालापीपल की इस पवित्र धरती पर युवाओं को कर्मचारियों को आम जनता को और महिलाओं के साथ-साथ प्रदेश की 9 करोड़ जनता को शाजापुर जिले के पोलायकलां से हमारे नेता राहुल गांधी संबोधित करेंगे। इस जन आक्रोश यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, विधायक कुणाल चौधरी, मध्यप्रदेश प्रभारी रणदीप सूरजेवाला, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, सज्जनसिंह वर्मा, विधायक हुकुमसिंह कराड़ा सहित वरिष्ठ कांग्रेसियों सहित जिले के सभी कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।


ये भी पढ़ें -



bottom of page