
उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | घर से भोपाल जाने का बोल कर निकले युवक ने शनि मंदिर के पीछे पुल पर बाइक खड़ी करने के बाद कान्ह नदी में छलांग लगा दी। मछली पकड़ रहे युवकों ने उसे नदी में कूदते देखा और पुलिस को सूचना दी। देर शाम उसका शव बाहर निकाला गया। बाइक नंबर से शिनाख्त होने पर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम शनि मंदिर के पीछे गोठड़ा मार्ग पर बने पुल से एक युवक द्वारा कान्ह नदी में छलांग लगाने की सूचना कुछ लोगों द्वारा दी गई थी पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई गई देर शाम युवक का शव बाहर निकाला जा सका। पुल पर उसकी बाइक मिली थी जिसके नंबर एमपी 13 एमए 4777 के आधार पर तलाश शुरू की गई। बाइक अवधेश कुमार पांडे निवासी जिनेंद्र विहार कॉलोनी न्यू लक्ष्मी नगर की होना सामने आई। शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखने के बाद बाइक मालिक की तलाश शुरू की गई जिसके मिलने पर उसे जिला अस्पताल बुलाया गया। देर रात अवधेश ने मृतक की पहचान अपने भाई ब्रजेश पिता श्यामसुंदर पांडे 44 वर्ष के रूप में की। उपनिरीक्षक आरएल भगत ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते बृजेश की पत्नी 6 माह पहले अलग हो गई थी और 2 माह पहले तलाक ले लिया। बृजेश तीन बच्चों का पिता था पत्नी बच्चों को भी अपने साथ ले गई थी। भाई ने बताया कि परिवार इलाहाबाद उत्तर प्रदेश का रहने वाला है काफी समय पहले उज्जैन आ गए थे। ब्रजेश मजदूरी करता था। 2 दिन पहले भोपाल जाने का बोल कर निकला था वह आप पार्टी से जुड़ गया था। पुलिस के अनुसार फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ पाई है। संभवत पत्नी के अलग होने से तनाव में था।