top of page

ग्राम पाट के पुलिस सहायता केंद्र पूर्ण पुलिस चौकी का दर्जा देने की मांग

उज्जैन.दैनिक मालवा हेराल्ड | पुलिस सहायता केंद्र पाट को पूर्ण पुलिस चौकी का दर्जा दिलाने एवं आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने गृह मंत्री के नाम ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा।


सतीश शर्मा ने कहा कि उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाली माकड़ौन तहसील, थाना-माकडौन के ग्राम पाट (उज्जैन - आगर रोड़) पर एक पुलिस सहायता केंद्र स्थापित है जिससे जुड़ी हुई कुछ गंभीर समस्याओं और माँगों के स्थाई निराकरण हेतु ज्ञापन जिला पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पुलिस सहायता केंद्र पाट वर्षों से नैरोगेज रेलवे के वर्षों पुराने जर्जर हो चुके साधारण भवन में स्थापित है, उसके लिए नवीन भवन की स्वीकृति प्रदान करें। वहीं पुलिस सहायता केंद्र पाट में आवासीय परिसर भी नहीं है खाली पड़ी सरकारी जमीन पर पुलिसकर्मियों हेतु आवास निर्माण की स्वीकृति प्रदान करें। साथ ही पुलिस सहायता केंद्र पाट उज्जैन - झालावाड़ नवनिर्मित फोरलेन पर स्थित है और अपराध की दृष्टि से अति संवेदनशील है, उसे सहायता केंद्र के दर्जे से मुक्त कर पूर्ण पुलिस चौकी में तब्दील कर अधिक अधिकार सम्पन्न बनाया जाने के आदेश प्रदान करें। सतीश शर्मा ने बताया कि मुख्य थाना तहसील मुख्यालय माकड़ौन में स्थित है जिसकी दूरी पाट सहायता केंद्र से 35 किलोमीटर है पाट सहायता केंद्र पर संगीन अपराधियों और मुलजिमों के लिए बंदीगृह नहीं होने के कारण उन्हें मुख्य थाना माकड़ौन पर लाने ले जाने में कई प्रकार की कठिनाइयों और जोखिम का सामना पुलिस कर्मियों को करना पड़ता है। अतः बंदी गृह निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की भी मांग की। साथ ही बताया कि उपरोक्त सहायता केंद्र मध्यप्रदेश को राजस्थान से जोड़ने वाले फोरलेन हाईवे पर होने के कारण कई प्रकार के संगीन अपराधियों, तस्करों, चौर लुटेरों आदि की धरपकड़ में अहम भूमिका निभाता है अतः वर्तमान स्टाफ संख्या में वृद्धि करते हुए पुलिस कर्मियों को आधुनिक हथियार प्रदान करने के आदेश प्रदान करें। सतीश शर्मा ने ज्ञापन सौपते हुए पुलिस अधीक्षक से कहा कि गृहमंत्री तक उक्त मांगे पहुंचाते हुए समस्त माँगे पूरी करते हुए पाट पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस चौकी का पूर्ण दर्जा प्रदान करें।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page