top of page

देवास से महाकाल दर्शन करने आए लोग देर रात हुए दुर्घटना का शिकार

18 Aug 2023

आठ लोग घायल, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

उज्जैन। देवास रोड़ पर इस्को पाइप फैक्टरी चौराहे पर वाइन शॉप के सामने गुरुवार देर रात 12:45 बजे 8 लोगों से भरी हुई लोडिंग ऑटो रिक्शा को आयशर वाहन ने टक्कर मार दी। आयशर ऑटो को ओवरटैक कर रही थी इसी दौरान बैकसाइड टकराया। टक्कर लगने से ऑटो पलट गया और इसमें बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर नागझिरी पुलिस की डायल 100 मौजूद थी। एसआई रघुनाथ कोकड़े और एएसआइ्र सलीम खान रात्रि गश्त पर थे। वे तुरंत मदद के लिए आगे बढ़े। गंभीर घायल दो लोगों को पुलिस अधिकारी स्वयं जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और 6 अन्य घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। शीघ्र उपचार मिलने से दो गंभीर घायलों की जान बचाई जा सकी।


गुरुवार शाम 5 बजे देवास से 10 सदस्यीय परिवार जिसमें दो बच्चे भी शामिल हैं, महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचा था। मंदिर में दर्शन कर वे रात 12 बजे उज्जैन से वापसी के लिए रवाना हुए। देवास रोड़ पर करीब 12:45 बजे वे नागझिरी चौराहा क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान आयशर क्रमांक एमपी 13 जीबी 6525 ने ओवरटेक करते हुए पीछे से टक्कर मार दी।


जिससे ऑटो पलट गई और परिवार के सभी लोग गिरकर घायल हो गए। एक बुजुर्ग महिला और एक युवक को गंभीर चोंट लगी। ऑटो में सवार लोग घबरा गए थे और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। कुछ लोगों को चोंट लगने पर वे बेहोंश हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर पास में ही डायल 100 लेकर रात्रि गश्त क र रहे नागझिरी थाने के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे उन्होंने घायलों को ढांढस बंधाया। गंभीर घायल सोनू पिता अमर सिंह उम्र 40 और गीता बाई पति अंबाराम उम्र ५० वर्ष को एसआई कोकड़े डायल 100 में बैठाकर जिला अस्पताल लेकर गए। इस दौरान साथी एएसआई सलीम खान घटना स्थल पर मौजूद रहे और एंबुलेंस को बुलाया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में सोनू पिता अमर परमार उम्र 40 , गीता बाई पति अंबाराम उम्र 50 , बसंता बाई पति सरदार उम्र 45, संगीता पति कैलाश 40 , लीला पति मदनलाल, विष्णू पिता कैलाश, अंबराम पिता बोंदाजी 65, लीलाबाई पति बजेसिंह 50 घायल हो गए थे।

 FOLLOW US

  • Facebook
  • Instagram
  • LinkedIn
  • Pinterest
  • Twitter
  • YouTube
bottom of page